मार गिराए गए 40 आतंकवादी, विस्फोट में सैलानियों की मौत के बाद ऑपरेशन

काहिरा: मिस्र पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग छापेमारी में 40 ‘आतंकवादियों’ को मार गिराया. इससे पहले, शुक्रवार को गीजा पिरामिड में हुए विस्फोट में वियतनाम के तीन सैलानियों तथा उनके गाइड की मौत हो गई थी. गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गीजा गवर्नरेट में दो स्थानों पर छापेमारी की गई जिनमें 30 ‘आतंकवादियों’ को मार गिराया गया है जबकि अशांत उत्तरी सिनाई इलाके में 10 दहशतगर्द मारे गए हैं. इसने बताया कि प्राधिकारियों को सूचना मिली थी कि संदिग्ध राज्य, पर्यटन संस्थान और चर्चों पर सिलसिलेवार हमला करने की तैयारी कर रहे थे.
मिस्र के पिरामिड के पास यात्री बस में विस्फोट, 4 मरे
मिस्र के गीजा पिरामिडों के भ्रमण पर आए वियतनामी पर्यटकों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में चार लोग मारे गए और 10 अन्य घायल हो गए. अटॉर्नी जनरल नाबिल अहमद सादेक ने एक बयान में कहा कि तीन पर्यटकों के अलावा एक टूरिस्ट गाइड की भी मौत हुई है जो मिस्र का नागरिक है. ‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, बस चालक और नौ अन्य वियतनामी पर्यटक घायल हुए हैं.
गृह मंत्रालय के अनुसार, अल-मरियोटिया रोड पर एक दीवार के पास रखा विस्फोटक उपकरण शाम 6.15 बजे फट गया और बस पलट गई. प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबुली ने संवाददाताओं को बताया कि तीन पर्यटकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि टूरिस्ट गाइड ने अल-हरम अस्पताल में दम तोड़ दिया.





