महिला आरक्षण बिल को बड़ा सियासी मुद्दा बनाने की तैयारी में भाजपा

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और भाजपा संगठन में बदलाव को लेकर चिंतन-मंथन के बीच अब महिला आरक्षण बिल को भाजपा बड़ा सियासी मुद्दा बनाने की तैयारी में जुट गई है। सरकार और संगठन मिलकर इस मुद्दे के सहारे अगले साल होने वाले चुनावी जमीन को मजबूत बनाएंगे।
इसी कड़ी में शनिवार को दिल्ली से लौटने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। वहीं, योगी रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब होकर इस मुद्दे पर बात करेंगे।
भाजपा सियासी जमीन को मजबूत बनाने में जुटेगी
संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन बिल गिरने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस मुद्दे पर देश के नाम संबोधन के बाद अब भाजपा यूपी में भी इसे अपनी सियासी जमीन को मजबूत बनाने में जुटेगी। पीएम के संबोधन के बाद पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में भी प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन ने बैठक करके आगे की रणनीति पर चर्चा की। इसका शंखनाद रविवार को ही करने का फैसला किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरने के लिए भाजपा ने लंबी कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत प्रदेश भर में भाजपा संगठन और सरकार मिलकर विपक्ष को घेरने का अभियान चलाएंगे। इसमें महिलाओं को अधिकार दिए जाने को सपा, कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष के रवैये को जनता के सामने रखेंगे। खासकर अभियान के दौरान महिलाओं की भीड़ जुटाकर विपक्ष के बारे में बताया जाएगा।
महिलाओं का बड़ा सम्मेलन होगा
सूत्रों के मुताबिक, 21 अप्रैल को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में महिलाओं का एक बड़ा सम्मेलन भी किया जाएगा। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा रविवार को सीएम और प्रदेश अध्यक्ष संयुक्त प्रेसवार्ता में करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहेंगी। माना जा रहा है कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन बिल का विरोध करके विपक्ष ने भाजपा के हाथ में बड़ा मुद्दा दे दिया है।
भाजपा नेताओं ने सुना पीएम का संदेश
संसद में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार की रात को देश की नारी शक्ति को संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भी पार्टी के सभी नेताओं ने पीएम के संबोधन को सुना। इसके लिए पार्टी मुख्यालय के सभागार में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के अलावा सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन में प्रदेश स्तर के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।





