महाहड़ताल के पहले कर्मचारियों ने प्रदेश भर में निकाली मोटर साइकिल रैली

लखनऊ। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच के आहवान पर बुधवार को होने वाली महाहड़ताल के पूर्व प्रदेश के सभी जनपदों में मोटर साईकिल रैली निकालकर कार्यालयों में जन-जागरण किया गया। महाहड़ताल के लिए संकल्प ले चुुके राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों और अधिकारियों का उत्साह मोटरसाइकिल रैली में दिखायी दिया।
महाहड़ताल को पूरी तरह से सफल बनाने का आहवान
राजधानी लखनऊ में डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन से मोटर साईकिल रैली मंच के जनपद संयोजक बीएस डोलिया के नेतृत्व में निकाली गयी। मोटर साईकिल रैली विभिन्न कार्यालयों से होते हुए वापस संघ भवन में समाप्त हुई। कार्यालयों में कर्मचारियों ने रैली का पूरे जोश-खरोश के साथ स्वागत किया तथा महाहड़ताल को पूरी तरह से सफ ल बनाने का आहवान किया।
मोटर साईकिल रैली के बाद मंच के अध्यक्ष डा. दिनेश चन्द्र शर्मा, चेयरमैन संघर्ष समिति, शिवबरन सिंह यादव ने बताया की पुरानी पेंशन बहाली के लिए लगभग छ: माह पूर्व हम सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों ने एकजुट होकर कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच का गठन किया था। ताकि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जा सके। मंच ने आन्दोलन कार्यक्रम शुरू किये जिसके तहत जनपदों में धरना प्रर्दशन के साथ ही 8 अक्टूबर 2018 को राजधानी लखनऊ के ईको गार्डेन में लाखों कर्मचारी, शिक्षक एवं अधिकारियों ने महारैली कर सरकार को अपनी ताकत दिखाने का काम किया था।
ये भी पढ़ें :-महाराष्ट्र: अन्ना हजारे ने रालेगण सिद्धि में अपना उपवास किया समाप्त
पुरानी पेंशन बहाली के लिए कमेटी का गठन करके 2 माह में निर्णय लेने का आश्वासन दिया था
इससे पूर्व प्रस्तावित हड़ताल के पहले मुख्यमंत्री ने मंच के पदाधिकारियों के साथ वार्ता कर पुरानी पेंशन बहाली के लिए कमेटी का गठन करके 2 माह में निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। लेकिन तय समय व्यतीत होने जाने के बावजूद भी शासन में बैठे अधिकारियों की निष्क्रियता के चलते कमेटी द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। अत: पुरानी पेंशन बहाली मंच को मजबूर होकर पुन: आन्दोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
एक गुट नहीं होगा शामिल
वहीं कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के सदस्यों ने महाहड़ताल में शामिल न होने का निर्णय लिया है। कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वीपी मिश्रा ने नवीन पेंशन योजना का स्वागत किया है। उनका कहना है कि भारत सरकार द्वारा निर्गत नवीन पेंशन योजना का संशोधित आदेश कर्मचारियों के हित में है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्य सचिव से मिलकर नवीन पेंशन योजना का संशोधित आदेश का क्रियान्वयन लोक सभा चुनाव की घोषणा होने के पूर्व ही कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि मोर्चा के प्रदेशभर के 21 संगठनों के लगभग 20 लाख सदस्य प्रस्तावित हड़ताल में शामिल नहीं होंगे।

Back to top button