महाराष्ट्र के CM ने कश्मीर में पर्यटन में निवेश के अवसर तलाशने का दिया निमंत्रण…

राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को पर्यटन में निवेश के अवसर तलाशने के लिए जम्मू-कश्मीर आने का निमंत्रण दिया है। मुंबई में अनुच्छेद 370 हटने के मुद्दे पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने गए कविन्द्र गुप्ता ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी से भेंट कर उन्हें मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अब जम्मू-कश्मीर में विकास को तेजी देने के साथ शांति के दुश्मनों से सख्ती से निपटा जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस जम्मू- कश्मीर का दौरा कर देखें कि अब यहां विकास के क्षेत्र में निवेश करने के लिए कितने अवसर हैं। इससे पहले कविन्द्र गुप्ता ने मुंबई में आयोजित कार्यक्रमों में अनुच्छेद 370 हटने से पहले और बाद के हालात के बारे में लोगों को अवगत करवाया।
भाजपा नेता का कहना था कि पहले केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले फंड का 10 फीसद ही जमीन तक पहुंचता था। केंद्र सरकारों ने बड़े-बड़े पैकेज दिए, लेकिन राज्य में विकास नहीं हुआ। इससे लोग परेशान थे। अब मोदी सरकार जम्मू- कश्मीर व लद्दाख की मुश्किलों को दूर कर रही है। कश्मीर के सेब उत्पादकों की मुश्किलों को दूर करने के लिए ही केंद्र सरकार ने आठ हजार करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया है।
इस समय देशवासियों को अनुच्छेद 370 हटने से हुए लाभ के बारे में जागरूक बनाने के लिए राष्ट्रव्यापी मुहिम जारी है। ऐसे में जम्मू-कश्मीर के नेता भी देश के विभिन्न हिस्सों में होने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। मुंबई दौरे के दौरान कविन्द्र गुप्ता ने महाराष्ट्र के कई भाजपा नेताओं के साथ बैठकें कर उन्हें भी जम्मू- कश्मीर के हालात के बारे में बताया।





