महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में गणतन्त्र दिवस परेड में होगी प्रदर्शित सीएमएस की अनूठी झांकी

लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में सिटी मोन्टेसरी स्कूल इस वर्ष गणतन्त्र दिवस परेड में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के विचारों पर आधारित झाँकी निकालेगा, जो महात्मा गाँधी की ‘अहिंसा की नीति’ के जरिये विश्व समाज में एकता व शान्ति स्थापना की अपील करेगी। ‘ऐसा मस्तिष्क बनाओ, जैसा था बापू का’ विषय पर आधारित सी.एम.एस. की प्रेरणादायी झाँकी विश्व में एकता व शान्ति स्थापना को बढ़ावा देने के महात्मा गांधी के योगदान को प्रदर्शित करेगी, साथ ही जन-मानस को ‘सर्वधर्म समभाव’, ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ एवं ‘जय जगत’ का संदेश देगी। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में इस वर्ष सी.एम.एस. की झाँकी महात्मा गाँधी के विचारों पर आधारित है। झाँकी का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो चुका है एवं आगामी 26 जनवरी को गणतन्त्र दिवस परेड में यह झाँकी सभी के आकर्षण का केन्द्र होगी।

श्री शर्मा ने बताया कि इस वर्ष की सी.एम.एस. झांकी चार भागों में है, जिसके प्रथम भाग में महात्मा गाँधी की प्रतिमा के सामने तीन बंदरों को उनके तीन महत्वपूर्ण विचारों ‘बुरा मत सुनो, ‘बुरा मत कहो’ और ‘बुरा मत देखों’ के साथ प्रदर्शित किया गया है। झाँकी के द्वितीय भाग मंे विभिन्नता में एकता प्रदर्शित करते हुए एक ही छत के नीचे मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर, गुरूद्वारा, बौद्ध विहार, बहाई मंदिर आदि विभिन्न पूजा स्थल दिखाये गये हैं। इसी छत के नीचे सी.एम.एस. छात्र ‘ऐसा मस्तिष्क बनाओ, जैसा था बापू का, जैसा था गाँधी का’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं। झाँकी के तृतीय भाग में ‘वसुधैव कुटुम्बकम् तथा ‘जय जगत्’ का संदेश दिया गया है जबकि चौथे भाग में एक बार पुनः महात्मा गाँधी की प्रतिमा तथा उस प्रतिमा के सामने तीन बंदरों को महात्मा गाँधी के तीन महत्वपूर्ण विचारों का संदेश देते हुए दिखाया गया है।

Back to top button