महंगे प्रोडक्ट्स नहीं, ये देसी स्नैक है आलिया की ग्लोइंग स्किन का राज

कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर अपने शानदार लुक्स से आलिया भट्ट ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। उनके बेहतरीन आउटफिट्स के साथ-साथ फैंस उनकी ग्लोइंग स्किन के भी दीवाने हो गए हैं। 

दिलचस्प बात यह है कि अपनी इस ग्लास स्किन के लिए आलिया किसी महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट या इंटरनेशनल प्रोडक्ट को नहीं, बल्कि एक देसी स्नैक को क्रेडिट देती हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी खूबसूरती का राज खोला। आइए जानते हैं आखिर क्या है आलिया के इस गजब के निखार का सीक्रेट।

आलिया की खूबसूरती का राज

आलिया बताती हैं कि उनके घर में खाना घी में बनता है, जो गट हेल्थ और त्वचा के लिए बेहतरीन है। वो घी से बना एक खास स्नैक भी खाती हैं, जो उनकी त्वचा के लिए जादू की तरह काम करता है। यह स्नैक घी, थोड़ा सा गुड़, कुचली हुई मूंगफली और थोड़े से नारियल का मिश्रण है। यह एक स्किन स्नैक है, जिसे वे नियमित रूप से खाती हैं और उन्होंने कहा कि यह वाकई काम भी करता है। 

स्किन के लिए फायदेमंद है ये स्नैक
दरअसल, इस स्नैक में शामिल हर चीज स्किन के लिए काफी फायदेमंद है।

शुद्ध घी- यह ओमेगा फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। यह त्वचा को अंदर से हाइड्रेटेड रखता है और एक प्राकृतिक मॉइस्चराइजर के रूप में काम करता है, जिससे त्वचा कोमल और मुलायम बनी रहती है।
गुड़- यह न केवल चीनी का एक स्वस्थ विकल्प है, बल्कि इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर में आयरन बढ़ाते हैं, जिससे ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है। यह ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस भी कम करता है, जिससे त्वचा पर निखार आता है।
मूंगफली- इस स्नैक में शामिल मूंगफली एंटीऑक्सीडेंट का खजाना है जो उम्र बढ़ने के लक्षणों को कम करती है। इसमें मौजूद विटामिन और मिनरल्स स्किन की सेहत के लिए काफी फायदेमंद हैं।
नारियल- यह त्वचा की नमी को बरकरार रखने और स्किन बैरियर को मजबूत करने के लिए जाना जाता है। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की सूजन को कम करते हैं और स्किन को डैमेज होने से बचाते हैं।

कान्स में अपने लुक्स से जीता फैंस का दिल
कान्स में आलिया के लुक्स सभी को काफी पसंद आ रहे हैं। उन्होंने अपना पहला लुक फ्रेंच रिवेरा से एक खूबसूरत स्पैगेटी गाउन में शेयर की थीं, जिसमें वे काफी खूबसूरत लग रही थीं। इसके बाद उन्होंने रेड कार्पेट से भी अपने लुक की तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें उन्होंने पीच शेड का गाउन पहना था। दोनों ही लुक्स में आलिया की स्किन काफी ग्लोइंग नजर आ रही थी।

Back to top button