मध्यप्रदेश में सपा ने कांग्रेस को दिया एक और बड़ा झटका, किया किनारा

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन बनाकर भाजपा को चुनौती देने की कांग्रेस की मंशाओं को शनिवार को एक और झटका लगा। बसपा के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी कांग्रेस से किनारा कर लिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा, कांग्रेस ने हमें बहुत इंतजार करवाया। अब हम बसपा के साथ बात करेंगे।
मालूम हो, इससे पहले बसपा प्रमुख मायावती ने भी मध्यप्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस के साथ गठबंधन से इन्कार कर दिया था। छत्तीसगढ़ में भी मायावती ने कांग्रेस के बागी नेता अजीत जोगी की पार्टी छत्तीसगढ़ कांग्रेस से हाथ मिलाया है।
बहरहाल, अखिलेश के बयान के बाद कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं मायावती के अलग चुनाव लड़ने के फैसले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा था कि गठबंधन ना करने के लिए बसपा को किसी के सिर ठीकरा फोड़ना था इसलिए मायावती ने दिग्विजय सिंह का नाम लिया। कमलनाथ ने ये भी कहा कि बसपा से गठबंधन नहीं होने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।





