मध्यप्रदेश के महाकोशल और विंध्य क्षेत्र के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी…

मध्यप्रदेश के महाकोशल और विंध्य क्षेत्र के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, दमोह और रीवा जिले में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। उमरिया में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, 2 दिनों के लिए कलेक्टर ने स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। राज्य स्तरीय बाढ़ राहत केंद्र से फोन कर उमरिया में अगले 24 घंटों में तेज बारिश की संभावना जाहिर की गई है।

शहडोल जिले के बाणसागर बांध के 10 गेट दो-दो मीटर खोल दिए गए हैं। यहां कुल 18 गेट हैं। जिनमें से अभी 10 गेट को खोलकर पानी निकासी शुरू कर दी गई है। शुक्रवार की सुबह 8 बजे गेट खोले गए हैं। कलेक्टर शहडोल सीधी रीवा को इसकी सूचना दे दी गई है। बाणसागर बांध के आस-पास के गांव में अलर्ट घोषित किया गया है लोगों को चेतावनी दी गई है कि नदियों के आसपास ना जाएं।

नरसिंहपुर में झांसीघाट पुल पर 4 फुट पानी, यातायात बंद

स्टेट हाइवे 22 स्थित नरसिंहपुर-जबलपुर मार्ग के बीच नर्मदा के झांसीघाट पुल पर लगभग 4 फुट से ज्यादा पानी आ गया है, जिससे यातायात बंद कर दिया गया है। बरगी बांध के 17 गेट खोल दिए जाने के बाद नर्मदा के बढ़ते गए जलस्तर से कई तटवर्ती गांव में एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात हैं। यद्यपि आबादी वाला क्षेत्र दूर है, ऐतिहयाती तौर पर प्रशासन के द्वारा अलर्ट किया गया है। जिले में अब तक औसत तौर पर 1502.20 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार की सुबह कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी या रिमझिम हुई। यद्यपि जिले भर के आसमान में घने बादल छाए हुए हैं।

Back to top button