मतदान के दौरान दुष्‍यंत चौटाला पर हमला के मामले में पुलिस ने डीएसपी समेत पांच पर दर्ज किया केस

Haryana Assembly Election 2019 में Voting  के दौरान उचाना क्षेत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के गांव में दुष्‍यंत चौटाला पर हमले के मामले में पुलिस ने पांच लाेगोें के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें एक डीएसपी भी शामिल हैं। मतदान के दिन दुष्‍यंत चौटाला ने गांव डूमर खां खुर्द पहुंचे थे और एक बूथ पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया था। दुष्‍यंत का आरोप है कि इसका विरोध करने पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था और वहां मौजूद एक डीएसपी ने शिकायत करने के बावजूद उनकी मदद नहीं की।

घटना गांव डूमरखां खुर्द के बूथ नंबर 49 पर हुई थी। उचाना विधानसभा क्षेत्र से जेजेपी प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला वहां पहुंचे और इस बूथ पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया। उन पर हमला करने व गिलास फेंककर हमला करने व वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर नरवाना के सदर थानामें पुलिस ने डीएसपी सहित अन्य पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है।

उचाना हलके जेजेपी चुनाव इंचार्ज जगदीश सिहाग ने दी शिकायत में बताया कि दुष्यंत चौटाला पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के गांव डूमरखां खुर्द स्थित स्कूल के मतदान केंद्र पर पहुंचे। बूथ पर मतदान के लिए आई एक महिला ने बताया कि उसके वोट तो पहले ही डाल दिया गया है। दुष्‍यंत ने मौके पर मौजूद प्रेजाइडिंग अधिकारी से कहा कि इस बारे में जांच कर महिला को उसे वोट डालने का अधिकार दिया जाए।

उन्‍होंने कहा कि इस पर वहां मौजूद भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता के बूथ एजेंट ने दुष्‍यंत चौटाला पर गिलास फेंक कर मारा। इसी दौरान पर कुछ अन्य लोगों ने हाथापाई कर कर दी, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे और उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। दुष्यंत ने इस बारे मौके पर मौजूद डीएसपी चंद्रपाल, भाजपा एजेंट सोहनलाल को नामजद करके अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी।

जेजेपी के युवा नेता की पत्नी पर जबरदस्ती वोट डालने का केस दर्ज

(दूसरी तरफ गांव करसिंधु में मतदान के दौरान वोटरों पर दबाव डालने व महिलाओं के वोट को खुद डालने पर जेजेपी के युवा नेता विश्ववीर की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है। भाजपा के एजेंट जुगविंद्र श्योकंद ने उचाना थाने में दी शिकायत में बताया कि गांव करसिंधु के बूथ नंबर 71 व 73 पर जेजेपी के एजेंट वोटर को धमका रहे थे व उनके वोट खुद डाल रहे थे। इसके बारे में चुनाव करवाने में लगे कर्मचारियों ने कई बार समझा लिया, लेकिन वह मान नहीं रहे थे। बूथ नंबर 71 पर विश्ववीर की पत्नी खुद महिलाओं के साथ जा रही थीं और अपने हाथ से मशीन का बटन दबा रही थीं। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया।

दोनों की शिकायत पर की गई कार्रवाई : एसएसपी

एसएसपी अश्विन शैणवी ने कहा कि मतदान के दौरान करसिंधु व डूमरखां खुर्द में हुए विवाद में दोनों ही पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।

Back to top button