मजदूर की झोपड़ी में अचानक लग गई आग, पूरी तरह जलकर खाक हो गया सामान

सरोजनीनगर। बंथरा इलाके में मंगलवार रात एक मजदूर की झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस घटना में झोपड़ी के अंदर रखा काफी अनाज सहित हजारों रुपए कीमत का अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी में किसी ने जानबूझकर झोपड़ी में आग लगाई है। बंथरा के हुलास खेड़ा गांव निवासी दिव्यांग दिलीप रावत किसी तरह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है।

बताते हैं कि रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर मंगलवार को उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी और अकेले होने के कारण दिलीप रात में अपने भाई के घर जाकर सो गया। इसी बीच रात को उसकी झोपड़ी में आग लगने से उसके अंदर रखा काफी तादाद में अनाज और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

बुधवार सुबह दिलीप जब अपनी झोपड़ी के पास पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दिलीप ने आशंका जताई है कि उसकी गैरमौजूदगी में किसी ने जानबूझकर झोपड़ी में आग लगा दी है।

Back to top button