भूमिपूजन से कुछ घंटे पहले ही सीएम योगी ने मनाई दीवाली, ट्वीट कीं कई चौपाईयां

लखनऊ। रामनगरी में बुधवार पांच अगस्त को भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन के जहां कुछ घण्टे ही शेष हैं, वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर दीपोत्सव के जरिए इसकी खुशियां जाहिर कीं। रामनगरी में दीपोत्सव के दौरान कोना-कोना जगमग हो उठा।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर आयोजन को लेकर एक के बाद एक कई चौपाइयों के जरिए ट्वीट करके अपनी भावनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि ‘बीथीं सकल सुगंध सिंचाई। गजमनि रचि बहु चौक पुराईं। नाना भांति सुमंगल साजे। हरषि नगर निसान बहु बाजे॥’
यानि त्रेतायुग के पश्चात आज पुनः प्रभु श्री राम के पुनीत अभिनंदन के मंगल भावों से संपूर्ण समाज सुरभित है। अयोध्या जी की हर गली अपने आराध्य की अभ्यर्थना हेतु प्रमुदित है। जय श्री राम!
इसी तरह एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि हाट बाट घर गली अथाई। कहहिं परसपर लोग लोगाई॥ कालि लगन भलि केतिक बारा। पूजिहि बिधि अभिलाष हमारा।।’ अर्थात प्रभु श्री राम के भक्तों का आह्लाद, सनातन संस्कृति का हर्ष-उत्कर्ष और पांच शताब्दियों की प्रतीक्षा का सुफल, आज धर्मनगरी श्रीअयोध्या जी में सहज प्रतिबिंबित हो रहा है। जय सिया राम!
एक अन्य चौपाई में कहा कि सगुन होहिं सुंदर सकल मन प्रसन्न सब केर। प्रभु आगवन जनाव जनु नगर रम्य चहुं फेर। अर्थात सकल आस्था के प्रतिमान रघुनंदन प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण हेतु आधारशिला रखे जाने की पूर्व संध्या पर आज संपूर्ण भारतवर्ष आह्लादित है। यह दीपक श्री राम भक्तों के उल्लास से जगमग हैं। जय श्री राम!





