भारत में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने के लिए पहुंची ऑस्ट्रेलियाई टीम

मुंबई। भारत में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम गुरुवार रात को पहुंच गई। पिछली बार उसने भारतीय टीम को पीटा था। यहां पहुंचकर कप्तान आरोन फिंच ने अपनी रणनीति साफ की। उन्होंने कहा कि भारत को उसके घर में हराना बेहद मुश्किल है। पर इस बार उनकी टीम स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की वापसी के बाद काफी मजबूत है।फिंच ने माना कि इस समय अधिकतर टीमें अपने घर में बेहतरीन हैं। इसलिए उनकी टीम को घर से बाहर खेल में लगातार सुधार करना होगा।
फॉर्म जारी रखेंगे:
अरोन फिंच ने शुक्रवार को कहा, हमारे लिए यह जरूरी है कि हम यहां वैसी ही फॉर्म कायम रखें जो कुछ महीनों से जारी रखे हुए हैं। हमने कई मैच जीते। चुनौती यह है कि हम उसे जारी रखें और लगातार सुधार कर सकें।
भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान अरोन फिंच को लगता है कि इस समय अधिकतर टीमें अपने घर में बेहतरीन हैं इसलिए उनकी टीम को घर से बाहर अपने खेल में लगातार सुधार करना होगा। फिंच ने कहा, “हमने कई मैच जीते। अब एक चुनौती यह है कि हम उसे जारी रखें और लगातार सुधार कर सकें। अधिकतर टीम इस समय अपने घर में खेलना पसंद करती हैं। हमारे लिए यह जरूरी है कि हम लगातार बाहर जाकर बड़ी से बड़ी टीमों को उनके घर में टक्कर दें और अपनी फॉर्म को बनाए रखें। हम इसके लिए उत्साहित हैं।”
चुनौतियों से निपटने को तैयार:
भारत में मिलने वाली चुनौतियों के लिए फिंच तैयार हैं। उनके पास स्पिनरों और तेज गेंदबाजों के लिए रणनीति है। उन्होंने कहा, आपके पास जसप्रीत बुमराह हैं, जो गेंद को मूव करा सकते हैं। आपके पास रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के रूप में निरंतरता रखने वाले स्पिनर हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, आपको अपने गेम प्लान के साथ मानसिक तौर पर तैयार रहना होगा। ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कोच एंड्रयू मैक्डोनाल्डने कहा कि फिंच ने कप्तानी में खुद को साबित किया है।
बता दें कि मैचों की पिछली वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने भारत से 3-2 से जीती थी। 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 14 जनवरी को मुंबई में होगा।





