भारत ने ऐतिहासिक फुटबॉल मैच में चीन को बराबरी पर रोका

भारत ने यहां शनिवार को चीन के खिलाड़ियों के हमलों का मजबूती से सामना करते हुए दोनों टीमों के बीच 21 साल बाद खेले गए ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना फुटबॉल मैच में गोलरहित ड्रॉ खेला। दुनिया की सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले देशों की टीमों के बीच खेले गए इस मुकाबले में निश्चित रूप से चीन का दबदबा रहा जिसमें उसने कई मौके भी बनाए, लेकिन भारत ने उन्हें गोल में तब्दील नहीं होने दिया।
चीन के फॉरवर्ड गोल कराने की कोशिश में जुटे रहे जबकि भारतीय खिलाड़ी विशेषकर कप्तान संदेश झिंगन, नारायण दास, प्रीतम कोटल और शुभाशीष बोस ने अंत तक डटकर सामना किया। इस ड्रॉ से भारत को फीफा रैंकिंग में फायदा मिलने की उम्मीद है। अभी टीम 97वें जबकि चीन 76वें स्थान पर डटी है लेकिन भारत को चीन के खिलाफ अभी तक एक भी जीत हासिल नहीं हुई है।
भारतीयों ने गोल नहीं होने दिया : घरेलू टीम ने कम से कम तीन अच्छे मौके बनाए जिसे भारतीयों ने रोक दिया जबकि उसका स्टार स्ट्राइकर गाओ लिन कई बार निशाना लगाने से चूक गया। लिन अपने अपने देश के लिए 100वां मैच खेल रहे थे। भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू गोलपोस्ट के सामने दीवार की तरह डटे रहे और चीन की टीम को कम से कम चार मौकों पर रोका। भारत के लिए यह शानदार उपलब्धि है। उसने महाद्वीप की शीर्ष टीम चीन को उसकी मांद में गोल नहीं करने दिया और मैच ड्रॉ कराया।
मेहमान टीम नहीं चौंका सकी : भारतीय टीम पहली बार चीन की सरजमीं पर खेल रही थी और मैच के दौरान ऐस मौके कम आए जिसमें मेहमान टीम ने जवाबी हमलों से विपक्षी टीम को हैरान किया। भारत को दोनों हाफ में दो बहुत अच्छे मौके मिले जिसमें एक प्रीतम कोटल और दूसरा स्थानापन्न खिलाड़ी फारुख चौधरी का प्रयास रहा। दूसरे हाफ में भी टीम ने दो मौके बनाए। वर्ष 2006 विश्व कप विजेता इटली के कोच मार्सेलो लिप्पी चीन को कोचिंग दे रहे हैं। टीम हाल के दिनों में काफी जूझ रही है क्योंकि वह लगातार तीन मैचों में गोल करने में असफल रही है। चीन की टीम पिछले महीने कम अनुभवी कतर की टीम से 0-1 से हार गई थी। इसके बाद बहरीन से भी उसका मैच गोलरहित ड्रॉ रहा था। जून में टीम ने थाइलैंड को 2-0 से हराने के बाद से कोई गोल नहीं किया।
-
- 18वीं बार भारत और चीन की फुटबॉल टीम आमने-सामने हुईं। चीन ने 12 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि छह मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए।
- 1997 में पिछली बार भारत और चीन कोच्चि में नेहरू कप के दौरान एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरे थे लेकिन यहां भी चीन ने भारत को 2-1 से मात दी थी।
-
- 07 बार भारत में चीन की टीम खेल चुकी है और यह सभी मुकाबले नेहरू कप के दौरान खेले गए थे।
- चीन के खिलाफ अभी तक जीत दर्ज नहीं कर सकी भारतीय टीम।





