भारत दौरे के लिए शाकिब अल हसन के उपलब्ध रहने पर अनिश्चितता बनी हुई: BCB

बांग्लादेश के स्टार खिलाड़ी शाकिब अल हसन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के निर्देश पर भारत दौरे से जुड़े अभ्यास से बाहर रखा गया. स्थानीय मीडिया ने दावा किया है कि भ्रष्टाचार के एक मामले में इस ऑलराउंडर पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी चल रही है.

बांग्लादेश के टेस्ट और टी-20 के कप्तान शाकिब अल हसन को आईसीसी द्वारा 18 महीने के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है. भारत के दौरे से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की समस्याओं को कम करने के लिए आईसीसी यह कदम उठा सकता है. भारत दौरे पर बांग्लादेश की टीम तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. यह दौरा 3 नवंबर से शुरू होना है.

देश के प्रमुख बांग्ला दैनिक ‘समकाल’ के अनुसार, ‘आईसीसी के निर्देश पर बीसीबी द्वारा शाकिब को अभ्यास से दूर रखा गया है. यही कारण है कि वह न तो अभ्यास में शामिल रहे और न ही सोमवार देर शाम की बैठक में शामिल हुए, जिसमें बोर्ड अध्यक्ष नजमुल हसन के साथ डे-नाइट टेस्ट पर चर्चा की जानी थी.

आईसीसी ने फिलहाल इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार किया है. अखबार ने लिखा है कि दो साल पहले एक अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले शाकिब को बुकी का ऑफर मिला था. उन्होंने आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) को इस संबंध में कुछ भी जानकारी नहीं दी थी.

अखबार के मुताबिक, शाकिब ने हाल ही में एसीएसयू के जांच अधिकारियों के समक्ष यह कबूल भी किया है. मीरपुर में अभ्यास मैच सहित प्री-टूर कैंप से चूकने के बाद शाकिब के भारत के दौरे के लिए उपलब्ध रहने पर अनिश्चितता बनी हुई है.

Back to top button