भारतीय टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने T20I क्रिकेट से कर दिया संन्यास का ऐलान….

Mithali Raj announce Retirement: भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने T20I क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। अब मिताली वनडे वर्ल्ड कप पर फोकस करेंगी। मिताली राज ने भारतीय महिला टीम को 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों में लीड किया है। इसमें तीन वुमेन T20 वर्ल्ड कप भी शामिल हैं।

दाएं हाथ की बल्लेबाज मिताली राज ने भारतीय टीम की कप्तानी साल 2012 (श्रीलंका) में, साल 2014(बांग्लादेश) में और साल 2016(भारत) में टी20 वर्ल्ड कप में की थी। हालांकि, मिताली राज की कप्तानी में कभी भी भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विश्व विजेता नहीं बन पाई।

मिताली राज भारत की पहली महिला टी20 कप्तान हैं, जिन्होंने साल 2006 में डर्बी बैक में इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी की थी। इसके अलावा वे भारत के लिए सबसे पहले टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी थीं।

मिताली राज ने रोहित शर्मा और विराट कोहली से पहले टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 रन पूरे किए थे। मिताली राज ने भारत के लिए 88 टी20 मैचों में प्रतिनिधित्व किया है। इन मैचों में मिताली के बल्ले से 17 अर्धशतकों के साथ 2364 रन निकले हैं, जो कि भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन हैं।

संन्यास लेने के बाद कही ये बात

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से अलविदा कहने के बाद मिताली राज ने कहा है, “साल 2006 से अब तक भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद मैं इस फॉर्मेट को अलविदा कहना चाहती हूं। मैं इस समय 2021 के वनडे वर्ल्ड कप पर फोकस कर रही हूं।”

“अपने देश के लिए विश्व कप जीतना मेरा सपना है और मैं इसमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती हूं। मैं बीसीसीआइ को लगातार सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं और इंडियन टी20 टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर होने वाले टी20 सीरीज के लिए शुभकामनाएं देना चाहती हूं।”

Back to top button