भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि वे अगर टॉस जीतते तो पहले बैटिंग ही करते….

भारतीय टीम लगातार तीसरी बार आईसीसी विश्व कप (ICC World Cup) के सेमीफाइनल में उतर रही है. मंगलवार को होने वाले इस सेमीफाइनल (India vs New Zealand) में भारत के सामने न्यूजीलैंड की टीम है. यह मैच दोपहर तीन बजे शुरू हो रहा है. न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने इस मैच में टॉस जीत लिया है. उन्होंने पहले बैटिंग का फैसला लिया है. 
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन (Kane Williamson) ने मैच का सीधा प्रसारण कर रहे टीवी चैनल स्टार स्पोर्टस से कहा कि पिच अच्छी दिख रही है. ऐसा लगता है कि इस पर पहले बैटिंग करना अच्छा रहेगा. भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने भी कॉमेंटेटर संजय मांजरेकर से कहा कि पिच अच्छी और सख्त है. यह विकेट बाद में भी ऐसी ही रहेगी. बारिश के भी आसार हैं. इसलिए इस पिच पर बाद में बैटिंग करने से कोई नुकसान नहीं होगा.
टॉस से पहले में हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) और आकाश चोपड़ा ने पिच रिपोर्ट दी. हरभजन सिंह ने कहा कि यह पिच नई है. यह सख्त है. घास नहीं है. यह बैटिंग के लिए बेहतरीन पिच है. इस पर स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिलेगी. जीत के लिए कितना स्कोर चाहिए? आकाश चोपड़ा के इस सवाल पर हरभजन सिंह ने कहा कि इस पिच पर 280 से 300 रन जीत के लिए काफी होंगे.
भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है. कप्तान विराट कोहली ने बताया कि युजवेंद्र चहल टीम में लौट आए हैं. उन्हें कुलदीप यादव की जगह शामिल किया गया है. न्यूजीलैंड ने भी मैच में एक ही बदलाव किया है. उसके तेज गेंदबाज टिम साउदी की जगह लॉकी फर्ग्युसन प्लेइंग इलेवन में लौट आए हैं.





