भाजपा महाकुंभ में PM मोदी ने कहा- जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही कमल खिलेगा

मध्यप्रदेश में इस साल के आखिर में चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में 15 सालों से सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार जहां विकास के दम पर दोबारा सरकार बनाने की कोशिश में है। वहीं विपक्ष को उम्मीद है कि इस बार उसकी नैया पार हो जाएगी। अपने कार्यकर्ताओं में जान फूंकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राज्य पहुंचे। दोनों यहां चुनावी अभियान का आगाज कर रहे हैं। भाजपा महाकुंभ में PM मोदी ने कहा- जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही कमल खिलेगा

हाल ही में आए एससी-एसटी एक्ट के बाद भाजपा कार्यकर्ता कहीं सुस्त न पड़ जाएं, यही सोचकर भाजपा ने अपने दोनों सबसे बड़े स्टार कैंपेनर को बुलाया है। भाजपा ने इस मेगा शो को कार्यकर्ता महाकुंभ का नाम दिया है। राज्य में करीब 65 हजार पोलिंग बूथ हैं। पार्टी ने हर बूथ से 20 कार्यकर्ता बुलाए हैं। 10 लाख कार्यकर्ताओं के आने का दावा किया जा रहा है।

– प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस पार्टी पराजय के भय से गठबंधन करने पर आ गयी है। सत्ता के नशे में छोटी-छोटी पार्टियों को कुचल देनी वाली कांग्रेस आज उन्हीं छोटे दलों के पैरो में पड़ी है। कांग्रेस ने मुझे गालियां देने में शक्ति लगा दी। डिक्शनरी से ढूंढकर गालियां दी जा रही हैं। जितना कीचड़ उछालना हो उछाल लो लेकिन कीचड़ में ही कमल खिलता है।

– पीएम मोदी ने कहा, झूठ का बवंडर रचा जा रहा है। जाति का जहर नहीं चलेगा। जो पार्टी 125 सालों से भी पुरानी हो, जिस पार्टी के अनेकों भूतपूर्व राज्यपाल हो, फिर ऐसा क्या हुआ इतनी बड़ी पार्टी को सूक्ष्मदर्शी यंत्र लेकर निकलना पड़ता है कि देश में कहीं बचे हैं की नहीं और इतनी पराजय के बाद भी कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है। सत्ता जाने के बाद कांग्रेस ने संतुलन भी खो दिया है।

– पीएम ने कहा, जिस कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और यहां की जनता से दुश्मनी रखी हो उसे सजा देने का मौका मध्य प्रदेश की जनता के पास आ गया है। हमारे लिए सवा सौ करोड़ देशवासी हमारा परिवार हैं। झूठ के बवंडर के सामने भाजपा का झंडा झुकने न पाए।

– प्रधानमंत्री ने कहा, जब तक दिल्ली में यूपीए की सरकार थी तब तक वो भाजपा की राज्य सरकारों और वहां की जनता के प्रति दुश्मनी का भाव पालकर बैठे थे।

पीएम मोदी ने कहा, हम वो लोग है जिन्हें गांधी भी मंजूर हैं, राम मनोहर लोहिया भी मंजूर हैं और दीनदयाल उपाध्याय भी मंजूर हैं क्योंकि हम समन्वय, सामाजिक न्याय और सबका साथ, सबका विकास में विश्वास करते हैं। महात्मा गांधी, दीन दयाल, लोहिया ने देश का मार्गदर्शन किया।

– प्रधानमंत्री ने कहा, हमारे देश में वोट बैंक की राजनीति ने समाज को दीमक की तरह तबाह कर दिया है और इसीलिए आज़ादी के 70 साल में जो बर्बादी आयी उससे अगर देश को बचाना है तो हमारे सामने ये वोट बैंक की राजनीति की दीमक से देश को मुक्त ये भाजपा की विशेष जिम्मेदारी है।

– पीएम ने कहा, सबका साथ सबका विकास ये सिर्फ चुनावी नारा नहीं है। उज्जवल भारत के लिए, कोटि-कोटि भारतीय आशा और आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए सोच समझ के चुना हुआ ये हमारा मार्ग।

– प्रधानमंत्री ने कहा, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी का चिंतन, उनका जीवन, उनके आचार, उनके विचार आज भी हमारी प्रेरणा है। हम सभी कार्यकर्ताओं पर हमारे महान नेताओं और पार्टी के लिए जान देने वाले हजारों कार्यकर्ताओं का कर्ज है और इस कर्ज को चुकाने का कोई भी मौका हम अपने हाथ से जाने नहीं देंगे।

– पीएम मोदी ने कहा, जहां तक मेरी नजर जा रही है मुझे उत्साह और उर्जा से भरे हुए कार्यकर्ता नजर आ रहें हैं। हम कितने भाग्यवान है, पता नहीं किस जन्म में हमने कितने पुण्य किए होंगे कि हमें भी इस महान पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में मां भारती की सेवा करने का मौका मिला।

– शाह ने कहा, भारतीय जनता पार्टी के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता देश की सुरक्षा है वोट बैंक की राजनीति नहीं। कांग्रेस पार्टी कितना भी जोर लगा ले, देश हित में अब NRC की प्रक्रिया रुकने वाली नहीं है।

– भाजपा अध्यक्ष ने कहा, मेरे इन समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज जब मैदान में उतरेगी, तो विरोधियों को दिन में तारे दिखाने का काम करेंगे। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कोई भी ऐसा काम नहीं किया है जिससे हमारे कार्यकर्ता का सर नीचा हो सके, पीएम मोदी और शिवराज जी ने इस प्रकार कार्य किया है कि हमारा कार्यकर्ता जनता के बीच सर उठा के जा सके।

– अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा, देश में घोटाले करने वाली, नीतिगत फैसले नहीं लेने वाली, देश की सुरक्षा को ताक पर रखने वाली कांग्रेस पार्टी किस मुंह से जनता से वोट मांगेगी। मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना देनी वाली कांग्रेस पार्टी क्या राजा, महाराजा या फिर उद्योगपतियों के नाम पर जनता से वोट मांगेगी

– शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा, देश के 70 प्रतिशत भू-भाग पर आज भारतीय जनता पार्टी की सरकारें मोदी जी के नेतृत्व में जनता की सेवा कर रही है। भारतीय जनता पार्टी को देश के हर बूथ और हर गांव तक पहुंचाने का काम हम सभी कार्यकर्ताओं को करना है। आज हम सब संकल्प लेकर जाएं कि आने वाले 5 चुनावों और आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फिर से ऊंचा करने का काम करें।

 चौहान ने कहा, मैं तो घोषणा मशीन हूं, लेकिन राहुल गांधी जी तो फन मशीन है, लेकिन घोषणा वही करते हैं, जिनके मन में संकल्प हो मध्यप्रदेश को नंबर 1 बनाने की।

– कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, राहुल के लिए देश मनोरंजन। कभी विदेश की तस्वीरें भी ट्वीट करें। आज कल वह शिवभक्त बने हुए हैं। 

 पांच लाख से ज्यादा कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। पड़ोसी राज्यों से भी डेढ़ लाख कुर्सियां आयात की गई हैं। नौ स्पेशल ट्रेनें बुक की गई हैं। 12 हजार बसें भी अपनी सेवाएं देंगी। हजारों लोग अपने निजी वाहनों से आएंगे। करीब 4 लाख लोगों को 24 घंटे पूड़ी, सब्जी और छोले का इंतजाम रहेगा। 25 आईपीएस अफसरों के साथ करीब आठ हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। 

भाजपा का दावा है कि यह कार्यकर्ता महाकुंभ विश्व के किसी भी राजनीतिक दल का सबसे बड़ा आयोजन होगा। पूरे आयोजन पर 50 से 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि खर्च के सवाल पर भाजपा मौन है।

Back to top button