भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले ने लगातार दूसरी बार हासिल की जीत

 अकबरपुर संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले ने 2,75,142 वोटों से बसपा प्रत्याशी निशा सचान को पराजित कर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की। पिछले चुनाव में उन्होंने 2,78,997 वोटों से जीत हासिल की थी। बसपा प्रत्याशी को छोड़कर बाकी सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम पाल भी हैं।

मतगणना के दौरान भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले ने 5,81,282 वोट हासिल किए। दूसरे नंबर पर रहीं बसपा प्रत्याशी निशा सचान को 3,06,140 वोट हासिल हुए। पिछले चुनाव के मुकाबले भाजपा, बसपा और कांग्रेस तीनों राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के वोट बढ़े। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले ने 4,81,584 वोट हासिल किए थे। बसपा प्रत्याशी अनिल शुक्ल वारसी को 2,02,587 और कांग्र्रेस प्रत्याशी राजाराम पाल ने 96,827 वोट हासिल किए थे। कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम पाल को इस बार 1,08,341 वोट हासिल हुए। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले ने पिछले चुनाव की तुलना में इस चुनाव में 99,698 अधिक वोट हासिल किए। इस तरह उनके जीत का अंतर तो नहीं बढ़ा, लेकिन उन्होंने जो वोट हासिल किए उसकी वजह से वह दूसरे प्रत्याशियों की पहुंच से बाहर हो गए। इससे पहले गुरुवार सुबह नौबस्ता गल्ला मंडी में मतगणना के दौरान पहले ही चक्र से देवेंद्र सिंह भोले ने बढ़त बना ली थी। उनकी यह बढ़त अंतिम राउंड तक बनी रही। बसपा प्रत्याशी निशा सचान लगातार पीछे होती चली गईं। चुनाव में कुल 17 लाख 66 हजार 121 मतदाता थे। इसमें 10 लाख 17 हजार 320 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र का परिसीमन होने के बाद वर्ष 2009 में कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम पाल इस लोकसभा सीट से पहली बार सांसद बने थे। वर्ष 2014 में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले ने 2,78,997 वोटों से जीत हासिल की थी। 

इन्हें मिले इतने वोट 

देवेंद्र सिंह भोले     भाजपा    5,81,282
निशा सचान     बसपा   3,06,140
राजाराम पाल    कांग्रेस  1,08,341

पोस्टल बैलट में भी भोले जीते 

अकबरपुर सीट के लिए डाले गए पोस्टल बैलट में भी भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले सबसे आगे रहे। कुल 7,491 पोस्टल बैलट में देवेंद्र सिंह भोले को 3,679 वोट हासिल हुए। बसपा प्रत्याशी निशा सचान को 1,587 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम पाल को 749 वोट मिले। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के महेंद्र सिंह यादव को 42 वोट हासिल हुए। पोस्टल बैलट में भी 75 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। वहीं पोस्टल बैलट के 1,319 वोट रिजेक्ट भी हुए। इसके अलावा मतदान के दौरान एक टेंडर वोट भी डाला गया था।

Back to top button