भाजपा ने जारी किया सर्जिकल स्ट्राइक पर वीडियो, ‘ये मोदी है…जवाब देना जानता है’

भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक को दो साल पूरे हो गए हैं। सरकार इसे ‘पराक्रम पर्व’ के रूप में मना रही है। देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और भारतीय जवानों के पराक्रम के बारे में बताया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा ने सर्जिकल स्ट्राइक का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें असली तस्वीरें और फुटेज होने का दावा किया गया है। 
साथ ही इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी का वो बयान भी जोड़ा गया है, जिसमें वो आतंकियों पर सख्त कार्रवाई की बात कहते नजर आ रहे हैं। भाजपा द्वारा ट्वीट किए गए 1.22 मिनट के इस वीडियो के साथ एक संदेश भी लिखा गया है कि हम सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले हमारे बहादुर सैनिकों की वीरता को सलाम करते हैं।
भाजपा द्वारा जारी किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहते हैं, ‘जब कोई आतंकवाद निर्यात करने का उद्योग बनाकर बैठा हो, युद्ध लड़ने की ताकत नहीं है, पीठ पर वार करने के प्रयास करते हों, तो ये मोदी है…उसी भाषा में जवाब देना जानता है।’
पीएम मोदी ने आगे कहा है, ‘मुझे अपनी सेना पर गर्व है, अपने जवानों पर गर्व है। जो योजना बनी थी, उसको शत-प्रतिशत, रत्ती भर भी गलती किए बिना उन्होंने उसको अंजाम दिया और सूर्योदय होने से पहले वापस लौट कर आ गए। आतंकवाद का निर्यात करने वालों को पता होना चाहिए कि अब हिंदुस्तान बदल चुका है। जब हिंदुस्तान सर्जिकल स्ट्राइक करता है, तब दुनिया को भारत की ताकत का अनुभव होता है कि भारत संयम रखता है, लेकिन जरूरत पड़े तो अपने सामर्थ्य का परिचय भी कराता है।’
बता दें कि उरी में सेना के कैंप पर आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 28 सितंबर की आधी रात को पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक किया था और सुबह होने से पहले ही अपनी सीमा में दाखिल हो गए थे। इस दौरान सेना ने 29 आतंकियों को मार गिराया था और उनके लांच पैड्स और ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। यह पूरी कार्रवाई सेना ने इतनी सफाई से की थी कि पाकिस्तानी सेना भौंचक्की रह गई थी।
We salute the unmatched valour of our brave soldiers who conducted Surgical Strikes. #ParakramParv pic.twitter.com/KaeqIEJEDH
— BJP (@BJP4India) September 29, 2018





