भाग्य ने मानव को IPL तक पहुंचाया और मेहनत ने भारतीय टीम तक

वक्त के खेल निराले हैं। साल 2022 में जो गेंदबाज किस्मत के सहारे गुजरात टाइटंस के खेमे से जुड़ा, अब वह पदार्पण टेस्ट में ही प्लेयर आफ द मैच बन चुका है। साल 2022 में जब गुजरात टाइंटस की टीम बन रही थी, तब वह नेट गेंदबाज के रूप में राजस्थान के एक लेफ्ट आर्म स्पिनर को अपने साथ जोड़ना चाहते थे। इस स्पिनर का नाम था शुभम शर्मा।
लेकिन किसी कारणवश शुभम टीम के साथ नहीं जुड़ पाए, तब गुजरात टाइटंस के सहायक कोच आशीष कपूर ने हेड कोच आशीष नेहरा को मानव का नाम सुझाया। आशीष ने एज ग्रुप क्रिकेट के दिनों से ही मानव को देखा था, वह इस गेंदबाज से बहुत प्रभावित थे। जीटी से जुड़ने के बाद मानव ने नेट्स पर अपनी गेंदबाजी से बाकी लोगों को भी प्रभावित कर लिया। नेट से होते हुए वह जीटी की स्क्वाड का हिस्सा बने।
एज ग्रुप क्रिकेट में लाल और सफेद दोनों गेंदों से बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद मानव ने घरेलू क्रिकेट में भी धाक जमानी शुरू कर दी। उन्होंने टेस्ट डेब्यू से पहले 30 प्रथम श्रेणी मैच में 136 विकेट अपने नाम कर लिए थे। जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में भी उनकी गेंदें आग उगल रही थीं।
23 वर्षीय मानव ने भारत ए के लिए भी 27 विकेट अपने नाम किए हैं। हालांकि, उन्हें जीटी और भारत दोनों में मौका पाने के लिए ठीकठाक वक्त तक इंतजार करना पड़ा। दो साल तक जीटी के नेट गेंदबाज रहने के बाद मानव को स्क्वॉड में जगह मिली। तो वहीं भारतीय टीम में पदार्पण के लिए उन्हें रविंद्र जडेजा के बाहर बैठने तक रुकना पड़ा।
मानव का ड्रीम डेब्यू
हालांकि इस इंतजार का फल बहुत मीठा रहा। मानव पदार्पण टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले सिर्फ दूसरे स्पिनर बन गए। पहली बार ये कारनामा रवि अश्विन ने साल 2011 में किया था। मानव ने अफगानिस्तान के विरुद्ध 62 रन देकर सात विकेट चटकाए। मानव ने टेस्ट की पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट लिए। ये पदार्पण पर किसी भी भारतीय द्वारा की गई दूसरी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। पदार्पण पर मानव से बेहतर सिर्फ नरेंद्र हिरवानी ने किया था। इन्होंने अपने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में आठ-आठ विकेट लिए थे।





