बड़ी ख़बर: अब नही होगा क्रिकेट टी-20 विश्व कप…

लंदन। अगले साल अधिकांश शीर्ष सदस्यों द्वारा द्विपक्षीय सीरीज में व्यस्त होने से आईसीसी ने 2018 टी-20 विश्व कप रद्द कर दिया है। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में प्रस्तावित था, लेकिन स्थानीय सरकार व क्रिकेट संघ की तनातनी के कारण इसे कहीं और कराने की योजना बन रही थी। हर 2 साल में होने वाला यह टूर्नामेंट भारत में 2016 में होने के 4 साल बाद सीधे 2020 में होगा।

बड़ी ख़बर: अब नही होगा क्रिकेट टी-20 विश्व कप...

अब तक दक्षिण अफ्रीका (2007), इंग्लैंड (2009), वेस्टइंडीज (2010), श्रीलंका (2012), बांग्लादेश (2014) और भारत (2016) में टी-20 विश्व कप आयोजित हो चुका है। द्विपक्षीय सीरीज से सभी देशों को कमाई होती है जिसका बड़ा हिस्सा प्रसारण करार से आता है, विशेषकर जब भारत किसी देश का दौरा करता है तो मेजबान बोर्ड टीवी प्रसारण अधिकार से लाखों डॉलर की कमाई करता है।

भारत को 18.5 अरब की जगह 27 अरब रुपए देने को तैयार आईसीसी

चैंपियंस ट्रॉफी के खत्म होने के तुरंत बाद लंदन में ही सोमवार से आईसीसी की वार्षिक कांफ्रेंस होगी जिसमें भारत की तरफ से कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी और सीईओ राहुल जौहरी भाग लेंगे। इसमें भारत को आईसीसी से मिलने वाले वार्षिक राजस्व पर मुहर लगेगी। दुबई में अप्रैल में हुई बैठक में भारत को आईसीसी के संचालन ढांचे में बदलाव के मतदान में 1-9 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

यही नहीं राजस्व मॉडल के विरोध को लेकर बीसीसीआई की आपत्ति को भी आईसीसी बोर्ड ने 8-2 से खारिज कर दिया था। उस बैठक में भारत का हिस्सा 57 करोड़ डॉलर (करीब 37 अरब रुपए) की जगह 29.3 करोड़ डॉलर (लगभग 18.5 अरब रुपए) कर दिया गया था। तब आईसीसी के स्वतंत्र चेयरमैन शशांक मनोहर ने बीसीसीआई को अतिरिक्त 10 करोड़ डॉलर (लगभग छह अरब, 43 करोड़ रुपए) के राजस्व की पेशकश की थी लेकिन उसे बीसीसीआई ने खारिज कर दिया था।

बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक एक बार फिर भारतीय पदाधिकारियों ने मनोहर से बात की है और यह भारत को 29.3 करोड़ डॉलर की जगह 40.5 करोड़ डॉलर (लगभग 27 अरब रुपए) देने पर सहमति बन गई है।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप पर भी चर्चा

सूत्रों के मुताबिक इस वार्षिक सम्मेलन में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप पर भी चर्चा हो सकती है। आईसीसी लंबे समय से सभी प्रारूपों में कम से कम एक विश्व प्रतियोगिता शुरू करने की योजना बना रहा है।

Back to top button