बॉल टेंपरिंग में स्मिथ को आंख नहीं मूंदनी चाहिए थीं: लेहमैन

गेंद से छेड़छाड़ मामले के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच रहे डेरेन लेहमैन का मानना है कि केपटाउन में जब इसकी योजना बन रही थी तब तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ को आंख नहीं मूंदनी चाहिए थी। 
स्मिथ और उप कप्तान डेविड वॉर्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगने के बाद लेहमैन ने कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। कैमरन बैनक्राफ्ट ने इस घटना को अंजाम दिया था और उन पर नौ महीने का प्रतिबंध लगा जो शनिवार को समाप्त हो रहा है। स्मिथ और वार्नर को मार्च तक इंतजार करना होगा।
लेहमैन ने कहा, ‘स्मिथ ने इस योजना पर आंख मूंदने का फैसला किया। वह देश के कप्तान थे और उनका इस पर नियंत्रण होना चाहिए था।’ उन्होंने कहा, ‘मैं अब भी देश की कप्तानी करने के दबाव को नहीं समझ पाया हूं। यह काफी ज्यादा होता होगा।’





