मुनस्यारी के दूरस्थ सुरिंग गांव में बेटे ने ही मां की हत्या कर शव खाई में फेंका था। मृतका के बड़े पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने छोटे पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम ने देर शाम आरोपी को सुरिंग गांव से गिरफ्तार कर लिया।
सुरिंग गांव निवासी स्व.मंगल सिंह की पत्नी 54 वर्षीय हिरमा देवी का शव खाई में मिला था। मृतका के गले पर गहरा घाव था। बृहस्पतिवार को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शनिवार को भदेली में मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया था।
मानसिक रूप से कमजोर है मनोहर सिंह
इस घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं थी, लेकिन कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं था। इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिलने से पुलिस की ओर से भी कार्रवाई नहीं की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को धारचूला से पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल आचार्य भी सुरिंग गांव पहुंचे। इस दौरान घटना को लेकर दहशत छाई रही। देर शाम मृतका के बड़े पुत्र कमलेश सिंह ने ग्रामीणों के साथ मुनस्यारी थाने पहुंचकर अपने छोटे भाई 27 वर्षीय मनोहर सिंह मर्तोलिया के खिलाफ मां की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी।
मनोहर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
इसके बाद सीओ की मौजूदगी में मनोहर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। रिपोर्ट दर्ज होते ही मुनस्यारी के तहसीलदार डॉ.ललित मोहन तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, एसआई अरुण राणा सहित अन्य पुलिस कर्मियों की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सुरिंग गांव रवाना हुई, जहां देर शाम टीम आरोपी को गिरफ्तार कर मुनस्यारी ले आई। जानकारी के अनुसार आरोपी मनोहर सिंह मानसिक रूप से कमजोर है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।