बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी योगेश राज हुआ गिरफ्तार, 1 महीने से था फरार

3 दिसंबर को हुई बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी योगेश राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। योगेश हिंसा के बाद से ही फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी योगेश राज बीते 3 दिसंबर से ही फरार चल रहा था। वह अपने आकाओं के संपर्क में भी था लेकिन पुलिस का उसका पता नहीं लगा पा रही थी। बीती रात पुलिस को सूत्रों से जानकारी मिली कि योगेश बुलंदशहर के खुर्जा आने वाला है।
सूचना पाकर बीबीनगर थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स लेकर खुर्जा बुलंदशहर बाईपास पर स्थित ब्रह्मानंद कॉलेज के पास पहुंचे। वहां टी-प्वाइंट के पास से रात करीब 11.30 बजे पुलिस ने योगेश को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इस वक्त पुलिस योगेश से पूछताछ कर रही है।
योगेश पुत्र सूरजभान सिंह नयाबांस माजरा साहनपुर, स्याना का रहने वाला है। योगेश पर आरोप है कि उसी ने 3 दिसंबर के दिन गोकशी की बात फैलाई और सैकड़ों की भीड़ जुटा ली। जिसके बाद हिंसा हुई जिसमें इंस्पेक्टर सुबोध और सुमित नाम के स्थानीय शख्स की मौत हो गई।





