बुलंदशहर में अमित शाह और सीएम योगी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बुलंदशहर पहुंचेंगे। वह संयुक्त रूप से शहर के गंगानगर स्थित नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय समेत 51 जिलों के कार्यालयों का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर मंगलवार को अफसर और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे रहे। हेलीपैड निर्माण से लेकर मंच तक की व्यवस्था का काम रात तक चलता रहा।बुलंदशहर में अमित शाह और सीएम योगी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष का हेलीकॉप्टर दोपहर बाद करीब 3.25 बजे गंगानगर स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। जहां से थोड़ी दूर स्थित नवनिर्मित भाजपा कार्यालय पर वह पहुंचेंगे। जिला कार्यालयों का लोकार्पण करने के बाद वह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। मंगलवार को एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी अतुल कु मार श्रीवास्तव समेत आला अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्था को लेकर रूपरेखा तैयार की। उच्चाधिकारियों ने अपने मातहत अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी को लेकर दिशा निर्देश दिए। कार्यक्रम में करीब पांच हजार कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। 

साफ-सफाई से लेकर सड़कों की मरम्मत का चला काम
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के आने की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सुबह से ही काम जारी रहा। हेलीपैड स्थल से लेकर कार्यक्रम स्थल नवनिर्मित जिला कार्यालय तक साफ-सफाई पेंटिंग, डिवाइडर में लगे पौधों पर पानी आदि का छिड़काव आदि किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री के आने के मार्ग पर जर्जर हो चुकी सड़कों को दुरुस्त किया गया।

दो जगह बनाया गया हेलीपैड
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अलग-अलग दो हेलीपैड का निर्माण किया गया। सुबह से ही हेलीपैड बनाने को लेकर काम जारी रहा। देर शाम तक उसे अंतिम रूप दिया गया। 

कार्यक्रम स्थल पर रहेगी अभेद्य सुरक्षा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल भारी सुरक्षा सुरक्षा में रहेगा। इसके लिए पांच एडिशनल अधिकारी, 15 सीओ, 150 इंस्पेक्टर-सब इंस्पेक्टर और 800 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा तीन पीएसी कंपनी कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा में रहेगी। साथ ही खुफिया विभाग के 62 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 

सत्ता संभालने के बाद दूसरी बार जनपद आ रहे मुख्यमंत्री
सूबे की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बुलंदशहर में दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 27 अप्रैल 2018 को बुलंदशहर आए थे। उस समय नुमाइश ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण किया था। 
 
सांसद-विधायक और नेताओं का लगा रहा जमावड़ा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल गंगा नगर स्थित नवनिर्मित भाजपा कार्यालय पर मंगलवार सुबह से ही सांसद-विधायक, पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा सुबह से लगा रहा। कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने बैनर पोस्टर लगवाते भी कई जनप्रतिनिधि देखे गए। जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान सांसद डॉ. भोला सिंह, खुर्जा विधायक विजेन्द्र सिंह, नगर पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक दुल्हैरा समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।

बलुंदशहर से पहले अलीगढ़ का दौरा करेंगे सीएम योगी व शाह

वहीं अमित शाह व सीएम योगी बुलंदशहर से पहले अलीगढ़ भी जाएंगे। वे तालानगरी में संत फिदेलिस स्कूल सीनियर विंग के पास मैदान पर आयोजित भाजपा के क्षेत्रीय (ब्रज क्षेत्र) बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

दोनों नेता करीब ढाई घंटे तक अलीगढ़ में रहेंगे और यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात दोपहर करीब तीन बजे दोनों नेता एक ही हेलीकाप्टर से बुलंदशहर के लिए रवाना हो जाएंगे।

इनके अलावा यूपी प्रभारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, गन्ना विकास एवं चीनी राज्य मंत्री सुरेश राणा, शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, पशुधन विकास मंत्री एसपी सिंह बघेल एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय भी सम्मेलन में हिस्सा लेने आएंगे।

इसके अलावा प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य के आने की भी चर्चा है। हालांकि इन दोनों नेताओं के आगमन का कार्यक्रम अभी नहीं आया है। 

डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि शासन स्तर से जारी हुए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12.30 बजे हेलीकाप्टर से तालानगरी में सेंट फिदेलिस स्कूल के समीप स्थित मैदान पर बने हेलीपैड पर उतरेंगे।

दोपहर 12.50 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हेलीकाप्टर उतरेगा। दोपहर 12.50 बजे दोनों नेता कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

दोपहर 2.35 बजे हेलीपैड रवाना हो जाएंगे। 2.35 बजे से दोपहर तीन बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। दोपहर साढ़े तीन बजे मुख्यमंत्री योगी एवं अमित शाह एक ही हेलीकाप्टर से बुलंदशहर के लिए रवाना हो जाएंगे। इसी तरह जेपी नड्डा दिल्ली से सड़क मार्ग से आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मुख्यमंत्री के साथ ही आएंगे।

Back to top button