बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना के खिलाफ किया जंग का एलान

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लंबे समय से बगावती तेवर दिखा रही अपने सहयोगी शिवसेना के खिलाफ युद्धघोष कर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि गठबंधन हुआ, तो हम अपने सहयोगियों की जीत पक्की करेंगे, अन्यथा आगामी लोकसभा चुनाव में अपने पूर्व सहयोगियों को हराएंगे।
कहा कि जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम मोदी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं तो उन्हें अपनी आंखें खोलनी चाहिए। उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त है। राहुल भाजपा नीत सरकार को चार साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करने को कहते हैं। उन्हें पहले चार पीढ़ियों के शासन का रिपोर्ट कार्ड पेश करना चाहिए, जिन्होंने देश के लिए कुछ नहीं किया।
शाह ने कहा कि मोदी सरकार लोगों के लिए बहुत काम कर रही है, लेकिन विरोधी लोगों का ध्यान बांटने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने असम में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर का समर्थन करते हुए कहा कि घुसपैठिये दीमक की तरह हैं, न हम उन्हें बचाएंगे और न ही किसी को बचाने देंगे।
गौरतलब है कि हाल में दिल्ली हाईकोर्ट ने नेशनल हेराल्ड अखबार के प्रकाशक एसोसिएट्स जर्नल लिमिटेड (एजेएल) को नई दिल्ली स्थित परिसर खाली करने का आदेश दिया था। जज ने फैसले में सोनिया और राहुल गांधी की हिस्सेदारी वाली यंग इंडिया पर एजेएल को हाईजैक करने की बात कही थी।





