बिहार में राजनीति में भाषायी मर्यादा तोड़कर नरभक्षी, शूर्पणखा, डायनासोर और शुतुरमुर्ग तक की एंट्री हो गई

लोकसभा चुनाव के पांच चरण का मतदान हो चुका है और अब बिहार में आखिरी दो चरण, छठवें और सातवें चरण का चुनाव बाकी है, जिसमें कुल 16 सीटों के लिए वोट डाले जाने हैं। चुनाव के आखिरी दोनों चरण के चुनाव प्रचार में  में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। राजनीति में भाषायी मर्यादा तोड़कर नरभक्षी, शूर्पणखा, डायनासोर और शुतुरमुर्ग तक की एंट्री हो गई है। जदयू प्रवक्ता ने मीसा को शूर्पणखा तो तेजस्वी ने बीजेपी-जदयू को डायनासोर कहा है।

तेजस्वी ने बीजेपी-जदयू को कहा डायनासोर, तो जदयू ने कहा-शुतुरमुर्ग 

तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कहा कि अब चुनाव को देखकर भाजपा वाले हार मानने लगे हैं। ये लोग 23 मई के बाद डायनासोर की तरह गायब होने वाले हैं। 23 को भूचाल आएगा। देखिएगा, कोई ठीक नहीं है। नीतीश कुमार इस्तीफा दे देंगे और भाजपा-जेडीयू में लड़ाई होना तय है। 23 के बाद नीतीश की पार्टी नहीं रहेगी।

इसके जवाब में जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा है कि तेजस्वी शुतुरमुर्ग बन गए हैं। उनको समझ नहीं आ रहा है कि गर्दन छिपा लेने से आंधी थोड़े ही निकल जाएगी। आंधी में उनका सफाया हो जाएगा।

जदयू ने मीसा को बताया शूर्पणखा, राजद ने कहा-राक्षसी समाज 

जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने राजद प्रमुख लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती को रावण की बहन शूर्पणखा बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह शूर्पणखा रावण और विभीषण के बीच झगड़ा लगाती थी, उसी तरह मीसा तेजप्रताप और तेजस्‍वी के बीच में झगड़ा लगातीं हैं। इसके जवाब में राजद के विजय प्रकाश ने कहा कि राजद में सीता और राधा जन्म लेती हैं, न कि शूर्पणखा। दरअसल, जदयू ही राक्षसी समाज है।

राबड़ी देवी ने अमित शाह को बताया नरभक्षी, पीएम को कहा जल्लाद

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने ट्वीट कर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि बिहार आते ही तड़ीपार की जीभ दांतों से बाहर निकलकर भटकने लगती है। नरभक्षियों को पता नहीं- क्यों पाकिस्तान से प्यार है? बिहार में हार देख पाकिस्तान में पटाखे फोड़ने की बात करते हैं। 2015 में नीतीश के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में पटाखे फोड़वा रहे थे। बेशर्म लोग काम के नाम पर वोट क्यों नहीं मांगते?

राबड़ी देवी ने  पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी जल्लाद हैं, देश को ठगने का काम किया है। विकास के नाम पर 2014 में चुनाव जीते थे और अब लालू परिवार और कांग्रेस परिवार के पीछे पड़े है।

तेजस्वी ने नीतीश को कहा-जनादेश चोर

जनादेश चोर उर्फ़ अंतरात्मा मार्का पलटू चाचा ने कथित सुशासनी चेहरा चमकाने के लिए बिहार के ग़रीब जनता की जेब से 500 करोड़ रू चुराकर पाउडर, क्रीम, ब्लीच और फेशियल मसाज पर उड़ा दिए लेकिन फिर भी चेहरा नहीं चमका। आख़िर मोदी के नाम पर ही वोटों की भीख माँग रहे है।‬

Back to top button