बिहार के बड़बोले विधायक ने कहा ‘मेरे पास बारूद है, बंदूक है’

एजेन्सी/पटना : बिहार के गोपालपुर से जेडीयू के विधायक गोपाल मंडल ने विवादास्पद बयान दे दिया है. एक कवि सम्मेलन में उन्होंने कह दिया कि ‘अब फिर से हत्या की राजनीति शुरू करनी होगी.’ नवगछिया में आयोजित कवि सम्मेलन में उन्होंने यह भी जोड़ दिया कि ‘मेरे पास बारुद और बंदूक, मैं करूंगा आपकी सुरक्षा.’
विधायक जी का पूरा नाम नरेंद्र नीरज उर्फ गोपाल मंडल है. बिहार के भागलपुर जिले की गोपालपुर सीट से जेडीयू के विधायक हैं. रविवार को भागलपुर के नवगछिया में कवि सम्मेलन के एक कार्यक्रम में विधायकजी पहुंचे थे.
इस कार्यक्रम में गोपाल मंडल ने ये भी कहा कि मंच पर बैठे लोग मेरे वोटर नहीं हैं. फिर भी आपकी सुरक्षा मैं ही करूंगा. मेरे पास ताकत है. मेरे पास बारूद और बंदूक है. यही नहीं, बिहार में एक अप्रैल से लागू हो रही शराबबंदी के नीतीश कुमार के फैसले को भी गोपाल मंडल ने गलत ठहरा दिया.
ये पहली बार नहीं है जब जेडीयू विधायक गोपाल मंडल की जुबान आग उगल चुकी है. कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा था कि जो भी उंगली दिखाएगा उसका हाथ काट लेंगे. आंख दिखाएगा, गाली बकेगा तो उसकी जीभ काट लेंगे.
इस विवादित बयान से पहले गोपाल मंडल ने बिहार विधान परिषद में पंचायत चुनाव के उम्मीदवारों को धमकी भी दे डाली थी. इस बयान को लेकर विपक्ष हमले की तैयारी कर रहा है. इसके साथ ही नीतीश कुमार को घेरने का प्रयास भी किया जाएगा.





