बारिश से मौसम हुआ सुहाना, बड़ी संख्या में वोट डालने घर से निकले लोग

पटना. बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद आसमान में काले बादलों ने डेरा जमा लिया है। पिछले एक माह से तेज गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली है और मौसम भी सुहावना हो गया है। अच्छे मौसम के चलते बुधवार को पटना के आठ नगर निकायों के लिए हो रही वोटिंग में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। 451 बूथों पर हो रही वोटिंग…

सुबह से ही महिलाएं और पुरुष मतदान केंद्र पर जाकर कतार में खड़े हो गए। आज 222 वार्ड के लिए 451 बूथों पर वोटिंग हो रही है। राज्य निर्वाचन आयुक्त एके चौहान ने बताया कि दानापुर, बाढ़, मोकामा, मसौढ़ी, फुलवारीशरीफ, खगौल और बख्तियारपुर नगर परिषद तथा मनेर नगर पंचायत के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव में 4.34 लाख वोटर 1256 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
टॉर्च के सहारे हुई वोटिंग
फुलवारीशरीफ में बूथ नंबर 1984 पर रोशनी का इंतजाम नहीं था। अंधेरा होने के चलते जब मतदान करने में दिक्कत आई तो टॉर्च के सहारे वोटिंग कराई गई। जल जमाव के चलते फुलवारी में मतदान करने में परेशानी हुई। बारिश के चलते मूविंग बूथ को शिफ्ट किया गया है। वहीं, मनेर के नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 के बूथ नं 1 पर ईवीएम में गड़बड़ी के चलते वोटिंग में देरी हुई।
वोटर को पिला रहे थे शराब, चार हुए गिरफ्तार
शराब पिला कर वोटर को लुभाने की कोशिश कर रहे चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मनेर के वार्ड नं. 10 में चार लोग वोटर को शराब पिला रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।





