बारिश के कारण रामबन में भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद…

बारिश के कारण रामबन के पंठियाल और डिगडोल में भूस्खलन होने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए जम्मू से रविवार सुबह बाबा अमरनाथ के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना नहीं किया। शनिवार को भी रामबन-बनिहाल सेक्शन पर भूस्खलन होने से कई घंटों तक यातायात बाधित रहा था।

बनिहाल के जिला ट्रैफिक इंस्पेक्टर इम्तियाज खातीब ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामबन-बनिहाल सेक्शन पर शनिवार से ही बारिश के कारण बार-बार भूस्खलन हो रहा है। डिगडोल और पंठियाल में पहाड़ी का मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचोबीच आ गया है। इसी वजह से यातायात दोनों ओर से अवरुद्ध हो गया है।

पहलगाम से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को शैतानी नाला और बनिहाल रोका

अमरनाथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए पहलगाम से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं के काफिले को शैतानी नाला और बनिहाल से आगे बढ़ने से रोक दिया गया है। जब तक राष्ट्रीय राजमार्ग से पहाड़ी का गिरा मलबा हटा नहीं लिया जाता तब तक यातायात बहाल नहीं किया जाएगा। मौसम साफ रहने और रास्ता ठीक होने के उपरांत सबसे पहले अमरनाथ श्रद्धालुओं के काफिले को जम्मू रवाना किया जाएगा। इसके उपरांत रास्ते में फंसे सभी वाहनों को रवाना करने के उपरांत ही आम वाहनों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग खोला जाएगा।

Back to top button