बारिश की वजह से भरा कराची स्टेडियम, अगर ऐसे ही रहा हाल तो शायद करना पड़ा जाए सीरीज रद

पाकिस्तान में 10 साल के बाद किसी सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद करना पड़ा। मैच में एक भी गेंद नहीं फेकी जा सकी वजह थी, बारिश की वजह से मैदान और बाहर जमा हुआ पानी। मैच के बाद तस्वीरों को देखकर साफ पता चलता है कि वहां मैच कराने के हालात नहीं थे और अगर बारिश ऐसी ही हुई तो शायद सीरीज रद करना पड़ा जाए।

पाकिस्तान के कराची नेशनल स्टेडियम में वनडे सीरीज के तीनों मैच को कराया जाना है। पहला मुकाबला तो बारिश की भेंट चढ़ गया और दूसरा मुकाबला एक दिन पहले कराए जाने का फैसला लिया गया है। बारिश के बाद जब मैदान की तस्वीरें सामने आई तो सीरीज के आयोजन पर सवाल खड़ा हो गया।

मैदान के बाहर जमा हुआ पानी

बारिश की वजह से मैदान से बाहर पानी ऐसे जमा हुआ था जैसे कि बाढ़ के बाद शहरों में जमा हो जाता है। मैच को कवर करने आए पत्रकार हाथों में अपना जूता लेकर स्टेडियम से बाहर निकलते नजर आए।

दर्शकों के बैठने की जगह के सामने पानी इतना भरा हुआ था कि कैमरा मैन का वहां खड़ा होना तक मुश्किल था।

स्टेडियम के बाहर भी भरा पानी

मैच रद किए जाने के बाद जब स्टेडियम के बाहर दर्शक निकल रहे थे तो उनका सड़क पार करना भी मुश्किल था। लोगों को एक दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाकर सड़क पार करना पड़ा।

वहां खड़े मोटरसाइकिल आधे डूब चुके थे और उसपर बैठे लोग यह सोच रहे थे कि सड़क के दूसरी तरफ कैसे जाया जाए।

Back to top button