बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई जनहानि नहीं: स्वाति सिंह

सरकार पीडि़तों को पहुंचा रही हर संभव मदद
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने कहा कि सरकार ने पूर्वांचल में बाढ़ को ध्यान में रखते हुए अच्छी तैयारी की थी। इस बार कई वर्षों की अपेक्षा बहुत अधिक पानी नदियों में आया है। कई इलाकों में खतरे के निशान से दस-दस मीटर ऊपर तक पानी बह रहा है। इसके बावजूद सरकार की चाक चौबंद व्यवस्थाओं के कारण कोई जनहानि नहीं हुई है।
भाजपा जनसहयोग केंद्र पर पहुंची राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के सभी मंत्रियों को लगा रखा है और वह स्वयं भी लगातार बाढ़ पीडि़त क्षेत्रों में जाकर हालात का जायजा ले रहे हैं और तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने एवं हालात को बेहतर बनाने के लिए निर्देशित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनसहयोग केंद्र पर लोग जितनी भी समस्याएं लेकर आते हैं, सभी का न्यायोचित समाधान हो, इसके लिए संबन्धित अधिकारियों से बात-चीत करके उसका हल निकाला जाता है।





