बसपा प्रमुख मायावती को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे अखिलेश, शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

बसपा सुप्रीमो मायावती के 63वें जन्मदिन के मौके पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मॉल एवेन्यू रोड स्थित उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया व बधाई दी। इस मौके पर अखिलेश के साथ सपा के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। आपको बता दें कि 12 जनवरी को आमचुनाव के लिए सपा-बसपा गठबंधन की घोषणा हो चुकी है।
इसके तहत दोनों ही पार्टियां यूपी की 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। सपा-बसपा गठबंधन की घोषणा के बाद से ही प्रदेश राजनीति सरगर्मियां उफान पर हैं। माना जा रहा है कि गठबंधन आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए कड़ी चुनौती पेश करेगा। इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
इसके पहले मायावती अपने जन्मदिन पर मीडिया को सम्बोधित करने के बाद बीते वर्ष भर की पार्टी की गतिविधियों पर लिखी गई अपनी किताब ‘ब्लू बुक-मेरे संघर्षमय जीवन एवं बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा’ का परंपरागत तौर पर विमोचन किया ।उन्होंने बसपा-सपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आपसी गिले शिकवे भुलाकर चुनाव की तैयारी करें। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए उनका पूरा कर्ज माफ करने की अपील की। ब्लू बुक का विमोचन करतीं मायावती।





