बल्लेबाज सुरेश रैना की घुटने की सर्जरी, बीसीसीआई ने कहा-करीब इतने हफ्ते रहेंगे मैदान से बाहर

भारत के अनुभवी बल्लेबाज सुरेश रैना ने एम्सटर्डम में अपने घुटने की सर्जरी कराई है. इस वजह से वह घरेलू क्रिकेट के आगामी सीजन से कुछ समय के लिए बाहर रहेंगे. बीसीसीआई ने कहा है कि वह करीब 4 से 6 हफ्ते तक मैदान से बाहर रहेंगे.

बीसीसीआई ने ट्वीट किया, ‘सुरेश रैना ने घुटने की सर्जरी करा ली है. वह कुछ महीनों से वह अपने घुटने में परेशानी महसूस कर रहे थे. सर्जरी पूरी तरह सफल रही है और उन्हें इससे उबरने में 4 से 6 सप्ताह का समय लगेगा.’

बाएं हाथ के 32 साल के बल्लेबाज रैना आखिरी बार भारतीय टीम की जर्सी में पिछले साल जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में वनडे मुकाबले में नजर आए थे. रैना ने अब तक भारतीय टीम के लिए 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. वह 2011 में विश्व कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे.

Back to top button