बर्फ की सफेद चादर ने कश्मीर घाटी को पूरी तरह से लिया अपनी आघोश, J&K राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद…

 बर्फ की सफेद चादर ने कश्मीर घाटी को पूरी तरह से अपनी आघोश में ले लिया है।मौसम में अचानक आए इस बदलाव ने आम जनजीवन को भी प्रभावित कर दिया है। शीत लहर ने लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुहाल कर दिया है। अभी शहर में फिलहाल बर्फबारी बंद है आैर प्रशासन सड़क से बर्फ हटाने का काम तेजी से कर रहा है। जहां तक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की बात है तो आज दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही बंद रखी गइ है। फंसे वाहनों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला पुंछ को घाटी से जोड़ने वाले मुगल रोड और श्रीनगर को लेह से जाेड़ने वाला जोजिला मार्ग तीसरे दिन भी बंद रहा। ट्रैफिक विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर 6000 हजार से अधिक वाहन रोके गए हैं। मौसम पूरी तरह साफ न होने के कारण आज भी हवाइ सेवाएं प्रभावित रही।

 

मौसम विभाग के अनुसार आज भी घाटी में बर्फबारी व हल्की बारिश जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। जम्मू में मौसम साफ है परंतु बुधवार देर रात व वीरवार शाम तक हुई बारिश व पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी ने यहां के तापमान में भी गिरावट लाई है। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। प्रशासन ने मौसम में हुए इस बदलाव को देखते हुए आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले पीडीडी, पीएचई सहित अन्य विभागों को व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। श्रीनगर की बात करें तो बर्फबारी के कारण वहां बिजली सप्लाई ढांचा ध्वस्त हो गया है।

शहर के अधिकांश इलाकों व पहाड़ी क्षेत्र में बिजली सप्लाई ठप होकर रह गई है। प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए वहां पीडीडी, पीएचई, खाद्य आपूर्ति विभाग सहित अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले विभागों के शिकायत केंद्र भी स्थापित कर दिए है।

कश्मीर में बुधवार रात से जारी बर्फबारी के कारण अभी तक 7 लोगों की जान चली गई है। मरने वालों में सेना के दो जवान, दो पोटर, बिजली विभाग का एक लाइनमैन व नागरिक शामिल है। यही नहीं खराब मौसम के ही कारण दिल्ली से श्रीनगर आने वाली 11 फ्लाइट भी रद कर दी गई। आज सुबह से जिला रामबन के बटोत व ऊधमपुर के पत्नीटाप में भी सुबह से बर्फबारी हो रही है। अभी भी खराब मौसम होने के कारण कई हवाई सेवाएं प्रभावित हैं। ऐसे में विभिन्न एयरलाइन्स ने दिल्ली से श्रीनगर व श्रीनगर से दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले फ्लाइट से संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए कहा है ताकि उन्हें देरी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।

Back to top button