बर्फबारी के बाद अब पाला बढ़ाएगा हाड़ कंपाने वाली ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बर्फबारी से बढ़ी ठंड ने लोगों ने जीना मुश्किल कर दिया है। वहीं मौसम विभाग ने अब बारिश और पाले का अलर्ट जारी किया है। सीमांत जिले में रात में पाला पड़ने से ठंड काफी बढ़ गई है।

डीडीहाट, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, कनालीछीना, चंडाक, नाकोट, आठगांव सिलिंग आदि स्थानों पर रात में जमकर पाला गिर रहा है। सड़कों पर पाले से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 22 से 30 दिसंबर के बीच बारिश की संभावना जताई है।

शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहा। सोमवार को फिर से मौसम ने करवट बदल ली। हालांकि, सुबह के समय गुनगुनी धूप निकली, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बादल छा गए। मुनस्यारी में भी बादल छाए रहे। बलाती, कालामुनि, खलिया में अब भी बर्फ जमी है। सीमांत में ठंड को देखते हुए नगर पंचायत और पालिका की ओर से कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।

हिमाच्छादित स्थल देखने पहुंच रहे पर्यटक
उत्तरकाशी में बर्फबारी के बाद खिली धूप का प्रकृति का नजारा करने के लिए देशी-विदेशी पर्यटक इस ओर रुख करने लगे हैं। बीते रविवार को डोडीताल के भ्रमण से लौटे आस्ट्रेलिया के पर्यटक यहां के नैसर्गिक सौंदर्य से अभिभूत नजर आए। 
इसी माह में 11 से 13 दिसंबर तक जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। इसके बाद से खिली धूप के साथ मौसम खुशगवार बना हुआ है। असी गंगा घाटी के भंकोली गांव निवासी होम ट्रैक एंड टूर के उम्मेद पंवार ने बताया कि बीते दिनों आस्ट्रेलिया के रॉथवेल और पैटिसन डोडीताल की सैर के लिए पहुंचे।
इन लोगों ने अगोड़ा गांव से आगे बेबरा और मांझी में कैंपिंग कर हिमाच्छादित नजारों का लुत्फ लिया। रविवार को उत्तरकाशी लौटे पर्यटकों ने यहां दोबारा आने की इच्छा जताई। दल के साथ आशिक रावत एवं धनवीर पंवार आदि मौजूद रहे। 
Back to top button