बदायूं विस्फोट: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, मृतकों को आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने बदायूं की घटना के मद्देनजर सभी जिलों के डीएम व पुलिस अधीक्षकों को पटाखों के निर्माण, उनके परिवहन व बिक्री की व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि दीपावली पर पटाखों के संबंध में खास सतर्कता बरती जाए। दुर्घटना की रोकथाम के लिए सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए जाएं। सीएम ने कहा है कि पटाखों की बिक्री की व्यवस्था खुले स्थान पर भीड़-भाड़ से दूर की जाए, जिससे किसी दुर्घटना की स्थिति में कार्रवाई करने में असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने पटाखों से होने वाली जन-धन की हानि के प्रति जागरूकता की जरूरत बताते हुए कहा कि बस्तियों के बीच में पटाखों के निर्माण, गोदाम या बिक्री की व्यवस्था न होने दी जाए। पटाखों की बिक्री सुरक्षित व खुले स्थानों पर की जाए, जहां पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध हों।
इस मामले में डीजीपी ओपी सिंह ने बदायूं के पुलिस अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करते हुए सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को कहा है कि वे अपने जिलों में पटाखों की बिक्री के संबंध में जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
इस कार्य में जिलों में तैनात राजपत्रित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने को कहा गया है। डीजीपी ने कहा है कि किसी जिले में नियमों के विपरीत पटाखों की बिक्री या भंडारण की सूचना मिलने पर संबंधित थाना क्षेत्र के प्रभारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।





