बटलर से बांग्लादेशी खिलाड़ियों से हुई बहस…

ढाका। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर से भिड़ने के लिए बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा और बल्लेबाज शब्बीर रहमान पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह दोनों रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच के दौरान बटलर के आउट होने के बाद ज्यादा उत्तेजित हो गए थे और उनसे बहस करने लगे। हालांकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बटलर को उनकी प्रतिक्रिया के लिए आधिकारिक चेतावनी दी है।bangladesh

यह मैच 34 रन से जीतकर बांग्लादेश ने तीन मैचों की सीरीज इंग्लैंड से एक-एक से बराबर करवाई थी। बांग्लादेश के 238/8 रन के जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत काफी खराब रही। अपनी पारी के 28वें ओवर में इंग्लैंड छह विकेट पर 123 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। इस बीच तस्कीन अहमद की गेंद पर बटलर के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की गई, जिसे मैदानी अंपायर ने ठुकरा दिया। इस पर बांग्लादेश ने रिव्यू मांगा, जिस पर थर्ड अंपायर ने बटलर को आउट करार दे दिया। उनके आउट होने के साथ ही बांग्लादेशी खिलाड़ी जश्न मनाने लगे।

इस जश्न के दौरान बटलर को कुछ कहा गया जिस पर वह वापस आए और बांग्लादेशी खिलाड़ियों से भिड़ गए। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। मैच खत्म होने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे से मिल रहे थे उस दौरान भी इंग्लैंड के बेन स्टोक्स और तमीम इकबाल के बीच बहस देखने को मिली।

Back to top button