फैसले का इंतजार , किसके सिर सजेगा ताज, फैसला होगा आज

नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट पर किसके सिर पर जीत का सेहरा बंधेगा, उसका फैसला बृहस्पतिवार को हो जाएगा। मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के बीच माना जा रहा है। पांच अन्य प्रत्याशी भी मैदान में है, जिनकी किस्मत का फैसला होगा।

नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय सीट पर कांग्रेस और भाजपा के हैवीवेट प्रत्याशी घोषित होने के बाद यह हॉट सीट हो गई थी। 11 अप्रैल को हुए मतदान में इस सीट पर 63.18 फीसदी मतदान हुआ है, जबकि पिछले चुनाव में मतदान 63.48 प्रतिशत था। जमानत बचाने के लिए प्रत्याशी को कुल मतों में से 1/6 मत लाने होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार सुबह नौ बजे पहले राउंड के परिणाम आने की             संभावना है …….                                                                                                                                                                                              

किसके सिर पर सजेगा ताज, फैसला होगा आज 

ये प्रत्याशी हैं मैदान में
अजय भट्ट भाजपा
हरीश रावत कांग्रेस
नवनीत अग्रवाल बसपा
डॉ. कैलाश पांडेय भाकपा माले
ज्योति प्रकाश टम्टा बहुजन मुक्ति पार्टी
प्रेम प्रकाश आर्य प्रगतिशील लोक मंच
सुकुमार विश्वास निर्दलीय

सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना
अलग-अलग मेजों में 336 मतगणना कार्मिकों की तैनाती
हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज और एमबी इंटर कालेज में बृहस्पतिवार को होने वाली मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्रों के सभी एआरओ सुबह से लेकर देर शाम तक मतगणना केंद्र में डटे रहकर तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे। सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना देर शाम तक चलेगी इस कार्य को 336 कर्मचारी अंजाम देंगे। नैनीताल सीट का अंतिम परिणाम ऊधमसिंह नगर के जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा घोषित किया जाएगा।
सुबह पांच बजे रेंडमाइजेशन से मतगणना कार्मिकों की विधानसभा वार ड्यूटी लगाई जाएगी। सुबह सात बजे संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के एआरओ मतगणना कार्मिकों को आवंटित टेबलों की जानकारी देंगे। डीएम विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सुबह नौ बजे तक पहले राउंड का परिणाम आने की संभावना है। उसके बाद हर आधे घंटे में राउंड दर राउंड परिणाम मिलते रहेंगे। डीएम ने दावा किया कि दोपहर तीन से चार बजे तक ईवीएम में पड़े मतों की गिनती पूरी कर ली जाएगी। उसके बाद विधानसभा वार एक-एक पोलिंग बूथ की वीवीपैट की पर्चियों को गिना जाएगा। उन्होंने बताया कि एक बूथ की वीवीपैट पर्ची गिनने में कम से कम एक घंटे का समय लगेगा यानी कि रात नौ से दस बजे के बीच वीवीपैट की गणना भी हो जाएगी। ईवीएम और वीवीपैट के वोटों का मिलान सही होने पर परिणाम निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा और आयोग की अनुमति के बाद उसे सुविधा एप पर डाउन लोड किया जाएगा। यदि मिलान सही नहीं हुआ अथवा किसी प्रत्याशी ने मतगणना को लेकर आपत्ति दर्ज की तो आयोग की अनुमति के बाद फिर से गणना होगी।

यहां गिने जाएंगे वोट
एमबीपीजी कालेज परिसर : लालकुआं, भीमताल, नैनीताल, रामनगर, कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्रों की
एमबी इंटर कालेज परिसर : हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती होगी। 

प्रेक्षकों ने जांची सीसीटीवी की फुटेज
हल्द्वानी। सामान्य प्रेक्षक राघवेंद्र कुमार और विंदेश्वरी टम्टा ने बुधवार को फिर से मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के अलावा सीसीटीवी मानीटरिंग कक्ष में पहुंचकर कैमरों की फुटेज भी जांची। 

मतगणना केंद्र में बगैर पास के नो इंट्री
हल्द्वानी। बगैर पास के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परिसर के मुख्य गेट से भीतर प्रवेश करने वाले मतगणना कार्मिकों, राजनीतिक दलों के अभिकर्ताओं, मीडिया कर्मियों समेत अधिकृत व्यक्तियों की गहन जांच भी होगी। उसके बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।

पंक्तिबद्ध होकर प्रवेश करेंगे कार्मिक
हल्द्वानी। मतगणना ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को भी मुख्य द्वार से भीतर प्रवेश करने से पहले पंक्तिबद्ध होना होगा। उसके बाद उन्हें विधानसभा वार मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। डीएम ने इस संबंध में अधिकारियों को व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

वीवीपैट पर्चियों की गणना को अलग से लगेंगी टेबल
हल्द्वानी। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि वीवीपैट की पर्चियों की गणना के लिए विशेष मतगणना टेबल लगाई जाएगी। वीवीपैट से पर्चियों को निकाल कर 14 गुणा 10 गुणा 5 इंच आकार के पारदर्शी कंटेनर में रखा जाएगा। पर्चियों की गणना के बाद उन्हें प्रत्याशीवार 6 गुणा 4 गुणा 4 इंच आकार के पिजनहोल फ्रेम वर्क में रखा जाएगा।

घर बैठे मोबाइल पर भी देख सकते हैं चुनाव परिणाम
हल्द्वानी। इस बार लोकसभा चुनाव के परिणाम टीवी के साथ-साथ आप अपने मोबाइल पर भी देख सकते हैं। इसके लिए एंडराइड मोबाइल पर प्ले स्टोर से सुविधा एप डाउन लोड करना होगा। इसी एप के माध्यम से मीडिया कर्मियों को परिणामों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। इसके लिए मतगणना परिसर में हाई स्पीड इंटरनेट व्यवस्था चालू करने के साथ-साथ निशुल्क वाई फाई की भी व्यवस्था की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि ईवीएम से मतों की गिनती के बाद उन्हें पहले हस्तलिखित रूप से कागज पर दर्ज करने के साथ साथ एक्सल सीट पर दर्ज किया जाएगा। दोनों का मिलान सही होने के बाद आंकड़ों को आयोग को भेजा जाएगा जहां से इन्हें सुविधा एप में अपलोड किया जाएगा। उसके बाद ही परिणाम सार्वजनिक होंगे। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति उक्त एप से परिणामों के बारे में जानकारी ले सकता है।
असली और नकली सुविधा को लेकर अधिकारी तक असमंजस में
हल्द्वानी। सुविधा एप डाउनलोड करने को लेकर बुधवार की देर रात तक असमंजस की स्थिति बनी रही। आम लोगों से लेकर चुनाव प्रक्रिया में लगे अधिकारी तक असली और नकली सुविधा एप में अंतर नहीं कर पाए। सुविधा कंडीडेट नामक एप डाउनलोड तो हो रहा था लेकिन मोबाइल नंबर डालने के बाद भी लाग इन नहीं हो रहा था। इस एप में लाग इन के लिए रजिस्टर करने का आप्शन भी नहीं मिला। गूगल प्ले स्टोर में सुविधा एप के नाम से कई एप होने से मतगणना की अपडेट दिखाने वाले सुविधा एप की पहचान नहीं हो पा रही है। जो एप सुविधा नाम से हैं उनमें लॉगइन आईडी मांगी जा रही है। इस बारे में निर्वाचन के अधिकारी भी अलसी, नकली एप को लेकर असमंजस में हैं और कोई भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। पूछने पर एक अधिकारी ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि हो सकता है कि सुविधा एप मतगणना के दिन ही चालू हो।

डिग्री कॉलेज जीरो जोन घोषित 
भारी वाहन नैनीताल रोड के बजाय गौलापार बाईपास से चलेंगे
हल्द्वानी। मतगणना के चलते एमबीपीजी डिग्री कॉलेज के इर्द गिर्द क्षेत्र को एसएसपी ने जीरो जोन घोषित कर दिया है। डिग्री कॉलेज के सामने (मुख्य मार्ग के बाई ओर का भाग) भोटिया पड़ाव चौकी से सौरभ होटल तिराहा तक, डिग्री कालेज तिराहे, कुल्यालपुरा से लेकर सरस्वती रेस्टोरेंट और महारानी होटल मार्ग तक निर्वाचन में शामिल वाहनों के अलावा किसी अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 

रूट डायवर्जन
– तिकोनिया से काठगोदाम की तरफ जाने वाले सभी वाहन भोटिया पड़ाव चौकी के सामने से मोड़कर नैनीताल मार्ग के दाहिने तरफ से होकर जाएंगे। 
-काठगोदाम की ओर से आने वाले सभी छोटे वाहन तिकोनिया की तरफ जाएंगे। 
-इस अवधि में सौरभ होटल से भोटिया पड़ाव चौकी तक दोनों तरफ यातायात का संचालन दाहिने लेन में होगा। बाएं लेन पर कोई वाहन सुबह छह से मतगणना समाप्ति तक नहीं चलाए जाएंगे। 
-नैनीताल, भीमताल रोड की ओर से आने वाली सभी बसें नारीमन तिराहा से काठगोदाम, गौलापार, गौलापुल होते हुए ताज चौराहा से रोडवेज बस स्टैंड की तरफ जाएंगी।
– नैनीताल और भीमताल की तरफ जाने वाली बसें ताज चौराहा से गौलापार बाईपास, काठगोदाम, नारीमन तिराहे से होकर जाएंगी। 
-सभी भारी वाहन मतगणना के दौरान प्रतिबंधित नैनीताल रोड की तरफ नहीं जाएंगे और गौलापार बाईपास मार्ग का प्रयोग करेंगे। 
-सभी भारी वाहनों की नो इंट्री सुबह नौ बजे की जगह छह बजे से लागू होगी। सुबह छह बजे के बाद कोई भारी वाहन नैनीताल रोड पर आवागमन नहीं होगा। 

पार्किंग व्यवस्था 
मतगणना ड्यूटी में शामिल कर्मचारी, अधिकारी और पत्रकारों के वाहन एमबी इंटर कॉलेज के सामने एजुकेशनल ट्रस्ट ग्राउंड/ खालसा/ परख लैब के सामने मैदान में पार्क किए जाएंगे। 

मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा 
हल्द्वानी। मतगणना के लिए एसएसपी ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। एसएसपी सुनील कुमार मीणा के अनुसार अंदर पहली पंक्ति में केंद्रीय सुरक्षा बल की ड्यूटी लगाई गई है। दूसरी पंक्ति में प्रदेश का सशस्त्र बल और तीसरी पंक्ति में पुलिस बल को तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए आईटीबीपी और पंजाब की आरपीएसएफ (रेलवे प्रोटक्शन स्पेशल फोर्स) की एक-एक कंपनी ने सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। इसके साथ ही उत्तराखंड पीएसी और आईआरबी की एक एक कंपनी तैनात की गई है। छह थाना प्रभारियों के साथ पुलिस बल को बाहरी घेरे के लिए विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।

Back to top button