फजर की नमाज के साथ ही दीनी तब्लीगी इज्तिमा का आगाज

तालीम की अहमियत समझे मुस्लिम समाज, एक हाथ में कुरान व दूसरे हाथ में कम्प्यूटर हो

रामगढ़ मोड़ स्थित करबला मैदान में शनिवार सुबह फजर की नमाज के साथ ही दीनी तब्लीगी इज्तिमा का आगाज हो गया। तीन दिन तक चलने वाले इस प्रोग्राम में पहले दिन हजारों लोग तकरीर सुनने के लिए उमड़े। उलेमाओं ने अपने बयानों में दीनी तालीम के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा की अहमियत समझाते हुए संदेश दिया। मौलवी चिरागुद्दीन ने कहा कि मुस्लिम समाज के बच्चों के एक हाथ में कुरान होनी चाहिए, दूसरे हाथ में कम्प्यूटर होना भी जरूरी है। मौलाना अब्दुल हमीद ने कहा है कि इस इज्तिमा का मकसद लोगों को बुराई से दूर कर अच्छाई की तरफ ले जाना है।
तकरीर सुनने हजारों लोग पहुंचे : खिदमतगार और जामा मस्जिद के पूर्व सचिव अनवर हुसैन ने बताया कि इज्तिमा के पहले दिन हजारों लोग उलेमाओं की तकरीर सुनने पहुंचे। इंतजामिया कमेटी ही तकरीर सुनने आने वाले लोगों के लिए खाने और ठहरने की व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संभालती है।
आज होगा सामूहिक निकाह 
इज्तिमा प्रोग्राम के दूसरे दिन रविवार शाम पांच बजे सामूहिक निकाह का आयोजन होगा। निकाह के लिए 150 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है।
दावते इस्लामी का दुआ ए सेहत इज्तिमा कल से 
आलमी गैर सियासी आर्गेनाइजेशन दावते इस्लामी की ओर से 4 फरवरी को दुआ ए सेहत इज्तिमा घाटगेट स्थित मोमिनान मस्जिद में शुरू होगा। इसमें सामाजिक बुराइयों जैसे जुआ, शराब, आत्महत्या, अशिक्षा, मां-बाप का अनादर इत्यादि से बचने पर जोर दिया जाएगा। इसमें नमाजे हाजत भी पढ़ी जाएगी और मुल्क में अमन शांति के लिए भी दुआ होगी।

Back to top button