मुंगेर (बिहार).प्रॉपर्टी विवाद में एक भतीजे ने धारदार हथियार से अपने चाचा के परिवार पर हमला कर दिया। इसमें चाचा और भाभी की मौत हो गई। जबकि चचेरे भाई और चचेरी बहन को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। दोनों को पटना रेफर कर दिया गया है। घटना जिले के ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के बड़ी आशिकपुर के हाड़ी महादलित टोला की है। मारे गए जगदीश हाड़ी रिटायर्ड रेलकर्मी थे। पूरे परिवार में सिर्फ छह दिन का एक मासूम ही बचा…
बताया जा रहा है कि आरोपी सत्तन ने पूरे परिवार के सदस्यों पर तलवार से हमला बोला। घटना को अंजाम देने के बाद वह तलवार ले कर भाग गया। रविवार की देर रात सत्तन हाड़ी नामक युवक का विवाद अपने चचेरे भाई किरण हाड़ी (पिता- जगदीश हाड़ी) से हो गया। उस वक्त जगदीश ने दोनों को शांत कराया आैर सोने के लिए जाने काे कहा। उसके बाद सत्तन ने 3 बजे तड़के धारदार हथियार से अपने परिवार पर हमला कर दिया।
चाचा जगदीश हाड़ी और भाभी शोभा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई किरण हाड़ी और बहन रंजीता देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल अवस्था में दाेनाें काे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को पटना रेफर कर दिया। जगदीश की गर्दन काट कर व शोभा की पेट फाड़ कर हत्या की गई है। अभी घायल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
बांका का रहने वाला आरोपी पटना हाईकोर्ट में स्वीपर है, देर रात पुलिस ने गिरफ्तार किया
पूरे परिवार में सिर्फ छह दिन का एक मासूम बचा है। वह अपनी मां के साथ था। उसकी मां को सत्तन ने मार डाला। संभवत: रात के अंधेरे में उसकी नजर नहीं पड़ने के कारण ही बच्चे की जान बच गई। रक्षाबंधन को ही बच्चे की छठियार की तैयारी थी। एसपी आशीष भारती ने बताया कि देर रात सत्तन को गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना संपत्ति विवाद में हुई। सत्तन पटना हाईकोर्ट में स्वीपर है।