प्रियंका की लोकप्रियता से बौखलाई भाजपा, उसके नेता कर रहे हैं अनर्गल बयानबाजी
लखनऊ। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवचन्द यादव ने आरोप लगाया है कि प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाये जाने से भाजपा पूरी तरह बौखला गयी है। उनकी लोकप्रियता से घबराकर भाजपा नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
केशवचंद्र यादव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.वी. श्रीनिवास ने रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि उनके नेतृत्व में 16 दिसम्बर से कन्याकुमारी से नई दिल्ली तक युवा क्रान्ति यात्रा शुरू हुई है। यह यात्रा 22,000 किमी यात्रा और 25 राज्यों से होते हुए रविवार को पहले बाराबंकी पहुंची। जहां प्रसिद्ध सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की दरगाह पर चादरपोशी कर मुल्क के अमन-चैन की दुआ मांगी। इसके बाद लखनऊ पहुंची।
उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश का नौजवान इस झूठी और जुमलेबाज सरकार को 2019 के लोकसभा चुनाव में उखाड़ फेंकने का मन बना चुका है। इस यात्रा के जरिए युवा कांग्रेस मोदी सरकार और भाजपा की राज्य सरकारों की दोगली नीतियों और इनके झूठ का पर्दाफाश करने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को दिल्ली में इन्दिरा रैली में भारतीय युवा कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को झोला भेंट करेगी।
केशवचंद्र यादव ने केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियों, सबके खाते में 15 लाख रुपये देने, एक के बदले 10 सिर लाने, किसानों को लागत का दुगुना लाभ देने जैसे वादे जुमला बन कर रह गये। छोटे व्यापारी बर्बाद हो गए है। बेरोजगारी इस कदर बढ़ गयी है कि युवा हताश और निराश हो गया है। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रधानमंत्री फिर से देश को धर्म के नाम पर गुमराह करने का प्रयास करने लगे हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव व यूपी प्रभारी प्रवीन कुमार, प्रदेश अध्यक्ष दीपांकर सिंह, राहुल मिश्रा, प्रवक्ता राजेश तिवारी, मनोज तिवारी, प्रान्जल तिवारी आदि मौजूद थे।





