प्रयागराज में हाई कोर्ट के गेट के बाहर से दंपति का अपहरण करने वालों को फतेहपुर से किया गिरफ्तार

इलाहाबाद हाई कोर्ट में आज बरेली के साक्षी मिश्रा व अजितेश कुमार की याचिका की सुनवाई से पहले ही गेट नंबर तीन से एक दंपति के अपहरण से सनसनी फैल गई। प्रयागराज में हाई कोर्ट के गेट के बाहर से दंपति का अपहरण करने वालों को फतेहपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की सक्रियता से अपहरण करने वालों को फतेहपुर में पकड़ा गया है। युगल को भी इनकी गिरफ्त से छुड़ा लिया गया है। 
प्रयागराज से अपहरण करने के बाद यह लोग कानपुर की तरफ जा रहे थे। प्रयागराज से अगवा हुए युवक और युवती को कानपुर के कल्यानपुर थाने की पुलिस ने बैरिकेडिंग कर गाड़ी रोकने के बाद छुड़ाने में सफलता प्राप्त की है। यह प्रेमी युगल मुस्लिम परिवार के बताए जा रहे है। इनको फतेहपुर की खागा कोतवाली में रखा जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पीले रंग की एसयूवी का नम्बर यूपी 82 ही दिखा और उसके पीछे चेयरमैन लिखा था। गेट नंबर तीन से दंपति कोर्ट परिसर में दाखिल होने जा रहे थे। आज कोर्ट के बाहर दंपति को बंदूक दिखाकर अपहरण किया गया। यह दोनों प्रेम विवाह करने के बाद हाई कोर्ट में अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर आए थे। इससे पहले दंपति हाईकोर्ट के अंदर जा पाता, गेट के बाहर इंतजार कर रहे बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया। मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी और अपराधियों के धरपकड़ की कोशिशें तेज कर दीं। इसी में पुलिस को सफलता मिली। गाड़ी का हुलिया और शुरुआती नंबर को लेकर पुलिस की टीमें अलर्ट हो गईं। चौराहों पर नाकेबंदी की गई और संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखी गई। प्रयागराज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसएन साबत ने कहा कि अपहरणकर्ता सशस्त्र थे। हमने गाडिय़ों की चेकिंग का आदेश जारी किया है। यहां पर संदिग्ध वाहनों को एक-दो जगहों पर रोका गया है। मैं वहां जा रहा हूं। इसी बीच फतेहपुर में एक गाड़ी को रोका गया तो उसमें से लोग भागने लगे। पुलिस की टीम ने उनको दबोच लिया।





