प्यार को लेकर जिंदगी में होता है सबसे ज्यादा अफसोस, नहीं भूल पाते लोग

जवानी के दिनों में इंसान प्यार और अफेयर को लेकर लापरवाह होता है। वह रिश्तों की ज्यादा परवाह नहीं करता और रिश्ते टूट जाते हैं। दिल टूटता है, लेकिन कुछ समय बाद सबकुछ फिर पटरी पर लौट आता है। बाद में शादी होती है और लोग परिवार तथा कॅरिअर में व्यस्त हो जाते हैं। लेकिन प्यार को लेकर उनके दिल में एक टीस हमेशा बनी रहती है। जीवन में कई तरह के अफसोस होते हैं, लेकिन प्यार को लेकर सबसे ज्यादा अफसोस होता है। अमेरिका में हुई एक स्टडी में यह बात पता चली है…प्यार को लेकर जिंदगी में होता है सबसे

यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस के प्रो. माइक मॉरिसन और केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के नील रोएस ने 370 पुरुषों और महिलाओं के बीच रैंडम टेलीफोनिक सर्वे किया। यानी उन्होंने यूं ही फोन नंबर चुने और उनसे उनके जीवन के बड़े अफसोसों के बारे में पूछा।

इसमें सबसे ज्यादा 18.1 प्रतिशत अफसोस रोमांस से जुड़ी बातों के लिए था। इनमें रिश्ता टूटना, गलत शख्स से रिश्ता जोड़ना तुनकमिजाजी दिखाना, अहंकार नहीं छोड़ना, प्रेमी/प्रेमिका की परवाह नहीं करना, बिछड़ने का दुख सहना और रिश्ते की अहमियत नहीं समझना जैसे अफसोस शामिल थे।

पुरुषों की तुलना में महिलाओं में रोमांस से जुड़े अफसोस ज्यादा और लगभग दोगुने थे। यानी रोमांटिक रिग्रेट्स महिलाओं का दिल ज्यादा तोड़ते हैं और उन्हें लंबे समय तक परेशान करते हैं।

रोमांस के बाद नंबर था परिवार से जुड़े अफसोसों का। ऐसे अफसोस का हिस्सा 15.9 प्रतिशत था। पैरेंटिंग को लेकर भी 9 प्रतिशत अफसोस जताया गया।

ऊपर के तीनों तरह के अफसोस रिश्तों से संबंधित हैं। इन तीनों को जोड़ दिया जाए (43 प्रतिशत), तो जिंदगी में सबसे ज्यादा अफसोस रिश्तों को लेकर ही होता है।

यह काफी हद तक स्वाभाविक भी है। इंसान एक सामाजिक प्राणी है। उसके लिए जीवन के हर पल में रिश्ते महत्वपूर्ण होते हैं। जाहिर है, इसलिए अफसोस भी होते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि रिग्रेट्स हमारी लाइफ का अभिन्न हिस्सा हैं। सफल और खुश दिखने वाले लोगों में भी अफसोस होते हैं।

Back to top button