पूर्वोत्तर की 25 में से 19 सीटें जीतेगी भाजपा, जानें कैसे?

पूर्वोत्तर में बड़े फलक पर राजनीतिक उपस्थिति जमाने की कोशिश कर रही भारतीय जनता पार्टी के एक मंत्री ने कहा है कि लोकसभा चुनाव 2019 में पार्टी उत्तर पूर्व की  25 में से 19 सीटें निश्चित रूप से जीतेगी. असम सरकार में मंत्री और बीजेपीहैवीवेट हेमंत विश्व शर्मा ने इंडिया टुडे ग्रुप के कार्यक्रम ‘कॉन्क्लेव ईस्ट 2018’ में ये बयान दिया. इस समय पूर्वोत्तर के सात राज्यों में बीजेपी के 8 सांसद हैं.

कार्यक्रम का संचालन कर रहे इंडिया टुडे के कंसल्टिंग एडिटर राजदीप सरदेसाई ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए असम सरकार के मंत्री हेमंत विश्व शर्मा से पूछा कि क्‍या इस बार बीजेपी को देश के पूर्वी भाग में जोरदार प्रदर्शन करने की जरूरत है ताकि दूसरे हिस्सों में संभावित नुकसान की भरपाई की जा सके? इस सवाल पर हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि वे पहले तो ये बता देना चाहते हैं कि इस चुनाव में बीजेपी के लिए पश्चिम और उत्तर भारत में सीटें गंवाने का कोई स्कोप नहीं है और ये उनका निजी आकलन है. चर्चा को आगे बढ़ाते हुए हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि जहां तक नॉर्थ ईस्ट का सवाल है यहां पर 25 सीटें हैं और बीजेपी इसमें से 19 पर जीत हासिल करेगी, और ये तय है.

हेमंत विश्व शर्मा के इस जवाब पर राजदीप सरदेसाई ने चुटकी लेते हुए कहा कि आपने पहले से ही ईवीएम ऑर्गनाइज कर लिया है. इस पर हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राजनेता या पत्रकार, ईवीएम पर आधारित चर्चा न कर राजनीतिक समीकरणों और आकलन पर अपनी बात रखते हैं. हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि अगर वोटिंग बैलेट पेपर से हो तो बीजेपी 20 सीटें तक जीत सकती हैं, क्योंकि तब लोग और भी आराम से मतदान करेंगे. उन्होंने एक बार फिर कहा कि उत्तर पूर्व के 25 में से 19 सीटों पर बीजेपी जीत हासिल करेगी.

बता दें कि कोलकाता में इस वक्त इंडिया टुडे ‘कॉन्क्लेव ईस्ट 2018’ के दूसरे दिन का सेशन चल रहा है. कार्यक्रम में पूर्वोत्तर के राज्यों के विकास और यहां की समस्याओं पर चर्चा हो रही है. कार्यक्रम में कांग्रेस, बीजेपी, टीएमसी के नेता शिरकत कर रहे हैं.कॉन्क्लेव ईस्ट 2018 के पहले दिन राजनीतिक हस्तियों के अलावा, सिनेमा, खेल और कला जगत की उभरती प्रतिभाओं ने भी इस मंच से अपनी संघर्ष और अनुभवों को दुनिया के सामने बांटा था.

Back to top button