पुरुष टीम को विश्व कप दिलाने वाले कर्स्टन और रमन होंगे भारतीय महिला टीम के कोच

भारतीय पुरुष टीम को विश्व कप दिलाने वाले गैरी कर्स्टन और डब्ल्यूवी रमन महिला क्रिकेट टीम के नए कोच होंगे. इन दोनों को गुरुवार (20 दिसंबर) को इस पद के लिए चुना गया. बीसीसीआई की एडहॉक कमेटी (तदर्थ समिति) ने गुरुवार को इन दोनों पूर्व क्रिकेटरों का इंटरव्यू किया और इसके बाद बतौर कोच उनके नाम की सिफारिश कर दी. इस समिति में पूर्व कप्तान कपिल देव, अंशुमन गायकवाड़ और एस रंगास्वामी शामिल थे. 

इस साल 30 नवंबर को भारतीय महिला टीम के तत्कालीन कोच रमेश पोवार का कार्यकाल खत्म हो गया था. कोच रहने के दौरान पोवार का टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी मिताली राज से विवाद हुआ था. मिताली राज ने कहा था कि पोवार समेत कुछ लोग उनका करियर खराब करना चाहते हैं. हालांकि, मिताली का विरोध किए बिना टी20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप कप्तान स्मृति मंधाना ने पोवार का समर्थन किया था. लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पोवार का कार्यकाल नहीं बढ़ाया. 

बीसीसीआई ने नए कोच के लिए आवेदन आमंत्रित किए. इसके लिए 28 पूर्व क्रिकेटरों या कोच ने आवेदन किए. इनमें से चुने गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया. इनमें डब्ल्यूवी रमन के अलावा वेंकटेश प्रसाद, मनोज प्रभाकर, ट्रेंट जांस्टन, दिमित्री मास्करेन्हास, ब्रैड हाग और कल्पना वेंकटाचार शामिल रहे. वहीं, कर्स्टन सहित पांच आवेदकों से स्काइप और एक से फोन पर इंटरव्यू लिया गया. 

बीसीसीआई की एडहॉक कमेटी ने महिला टीम के कोच के लिए गैरी कर्स्टन और डब्ल्यूवी रमन के नाम शॉर्टलिस्ट किए. गैरी कर्स्टन दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हैं और 2008 से 2011 तक टीम इंडिया के कोच रहे हैं. भारत ने उनके कार्यकाल के दौरान ही महेंद्र सिंह की कप्तानी में विश्व कप जीता था. कर्स्टन इसके बाद 2011 से 2013 तक दक्षिण अफ्रीका के कोच रहे. 

गैरी कर्स्टन इन दिनों आईपीएल की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कोच हैं. कर्स्टन के चयन के बावजूद उनकी नियुक्ति में अनिश्चितता बनी हुई है क्योंकि वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से अपना करार खत्म करने को तैयार नहीं हैं. सूत्रों के अनुसार उन्हें ऐसा करने के लिये मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं. A

Back to top button