पीएम मोदी की राजस्थान में दो चुनावी रैलियां, बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर बोला हमला

राजस्थान में सत्ता बचाने की कोशिश में जुटी भारतीय जनता पार्टी चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा रही है. राज्य में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है, ऐसे में बीजेपी की तरफ से उनके सबसे बड़े प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैदान में उतारा गया है. पीएम मोदी आज राजस्थान में दो रैलियां करेंगे.
प्रधानमंत्री की पहले पाली और बाद में दौसा में रैली होगी. बता दें कि मंगलवार को भी प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान में तीन रैलियों को संबोधित किया था. मंगलवार को पीएम मोदी हनुमानगढ़, सीकर और फिर जयपुर पहुंचे थे.
मोदी ने कांग्रेस को जमकर कोसा
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी उन्हें चुनावी रैलियों में ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने से रोकने का प्रयास कर रही है. यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के ‘नामदार’ ने उनके खिलाफ एक ‘फतवा’ जारी किया है, जिसमें उन्हें ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने से रोकने के लिए कहा गया है. मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत से पहले 10 बार यह नारा लगाया.
गौरतलब है कि राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर 7 दिसंबर को मतदान होना है. एक सीट पर मतदान प्रत्याशी के निधन होने के कारण नहीं हो पाएगा, राज्य के चुनावी नतीजे 11 दिसंबर को अन्य राज्यों के साथ ही आएंगे.
आपको बता दें कि चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने के कारण सभी पार्टियों के स्टार प्रचार आज जनता के बीच हैं. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह आज राजस्थान में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस और रोड शो करेंगे. उनके अलावा कई केंद्रीय मंत्री भी प्रचार का मोर्चा संभालेंगे. वहीं कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट कई रैलियां करेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज तेलंगाना में प्रचार करेंगे.





