पालक-शिक्षक संघ के चुनाव पर दो पक्षों में झगड़े के बीच हुई फायरिंग से छात्रा सहित 6 लोग घायल

जिले के मेहगांव में गढ़ी गांव स्थित कन्या प्राइमरी स्कूल के पालक-शिक्षक संघ के चुनाव पर दो पक्षों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से निजी स्कूल की छात्रा सहित छह लोग घायल हो गए। वारदात गुरुवार दोपहर 1:30 बजे की है। गोलीबारी की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। दो गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। इनके सीने और गर्दन में गोली के छर्रे लगे हैं। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपित फरार हैं।
मेहगांव में गढ़ी गांव के कन्या प्राइमरी स्कूल में 21 अक्टूबर को पालक-शिक्षक संघ का चुनाव था। चुनाव में गढ़ी गांव निवासी हीरालाल उर्फ कल्लू शर्मा को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। गांव के अजय पुत्र कन्हई परिहार ने चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मेहगांव में बीआरसी से शिकायत की गई। शिकायत की जांच के लिए गुरुवार को मेहगांव से सीएसी शिवशंकर पाराशर, अजय कौशल स्कूल में जांच के लिए पहुंचे।
यहां निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हीरालाल शर्मा समर्थकों के साथ पहुंचे। शिकायतकर्ता के सामने स्कूल में जांच शुरू हुई तो दोनों पक्षों में पक्षों में विवाद शुरू हो गया। यह देखकर हीरालाल शर्मा ने कहा कि विवाद हो रहा है तो मैं इस्तीफा दे देता हूं। वे इतना कहकर स्कूल से गांव की ओर चल दिए। इसके बाद दोनों ही पक्षों के लोग स्कूल से बाहर निकल आए।
स्कूल से 50 मीटर दूरी पर झगड़ा
स्कूल से करीब 50 मीटर दूर गढ़ी गांव में दोनों पक्षों में फिर झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान रामरूप भदौरिया ने 12 बोर की बंदूक से फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही गांव में भगदड़ मच गई। गोली से शिकायकर्ता अजय परिहार, संजय (35) पुत्र कन्हई परिहार, करन उर्फ करू प्रजापति (25) पुत्र श्रीराम प्रजापति, रामप्रकाश उर्फ डंपी (36) पुत्र शिव सिंह चौहान, खुशी (10) पुत्री श्यामनरेश सिंह बैस, रामशंकर पुत्र वंशी नागर ज्ञानेंद्र का पुरा गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने इन पर दर्ज किया केस
मेहगांव टीआई रमेश कुमार शाक्य ने बताया कि घायल अजय परिहार की रिपोर्ट पर आरोपित रामरूप भदौरिया पुत्र जागीर सिंह भदौरिया निवासी गढ़ी, योगेंद्र पुत्र सुरेंद्र सिंह भदौरिया, प्रमोद सिंह पुत्र शिवशंकर भदौरिया, बबलू पुत्र शिवशंकर भदौरिया, चंद्रमोहन पुत्र बृजराज भदौरिया, अजय पुत्र सुरेंद्र भदौरिया, अरविंद पुत्र सुरजन भदौरिया, अवधेश मुदगल पुत्र महावीर प्रसाद मुदगल के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
स्कूल से घर लौट रही थी छात्रा, आंख में लगी गोली
छात्रा खुशी पुत्र श्यामनरेश सिंह बैस मेहगांव के निजी स्कूल में पढ़ती है। वारदात के वक्त खुशी मेहगांव से पढ़कर घर लौट रही थी। इसी समय गोलीबारी हो गई। गोली का छर्रा खुशी की बायीं आख में लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोलीबारी में घायल रामशंकर पुत्र वंशी नागर ज्ञानेंद्र का पुरा रिश्तेदारी में गढ़ी गांव में आए थे। यहां झगड़े में चली गोली चलने से रामशंकर भी घायल हो गए। इन्हें भी इलाज के लिए मेहगांव अस्पताल भिजवाया गया।
इनका कहना है
पालक शिक्षक संघ के चुनाव के विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हुआ। दूसरे पक्ष ने गोलीबारी कर दी। छात्रा सहित छह लोग घायल हैं। मौके से 12 बोर का एक कारतूस का खोखा मिला है। आरोपितों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।





