पारिवारिक कारणों की वजह से मार्क कोलेस ने कोच पद को छोड़ने का लिया फैसला…

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच मार्क कोलेस ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया। पारिवारिक कारणों की वजह से उन्होंने कोच पद को छोड़ने का फैसला लिया है। मार्क ने अक्टूबर 2017 में टीम के कोच का पद संभाला था। अगले साल ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आईसीसी टी20 महिला विश्व कप के बाद मार्क का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
बतौर महिला कोच मार्क का कार्यकाल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अगले आईसीसी टी20 महिला विश्व कप तक का था। अगर वह न्यूजीलैंड रवाना हो जाते हैं तो फिर टीम के बल्लेबाजी कोच इकबाल इमाम को उनकी जगह अंतरिम कोच का भार सौंपा जाएगा।
पाकिस्तान महिला टीम के मुख्य कोच मार्क कोलेस ने कहा, “मैंने बहुत ही भारी मन से कोच के पद को छोड़ने का फैसला लिया है। यह एक ऐसा काम था जिसे करते हुए मैंने बहुत ही ज्यादा मजा किया। वैसे इस वक्त मेरे परिवार की जिम्मेदारियां ऐसी हैं जिसे मुझे पूरा ध्यान और वो यहां काम करते हुए नहीं हो सकता है।“
“मैं इस बारे में पिछले काफी समय से सोच रहा था और अगले आने वाले महीनों में पाकिस्तान की टीम के लिए कुछ अहम मुकाबले होने हैं। मैंने सोचा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अपना फैसला बता देना सही रहेगा इससे उनको मेरी जगह किसी और कोच का चयन करने का वक्त मिलेगा।“
पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने कहा, मैं मार्क के निजी कारणों से पूरी तरह से वाकिफ हूं। मुझे उम्मीद है इस बात का फैसला करने के बाद भी वह पाकिस्तान की महिला टीम के साथ पद छोड़ने से पहले उसी तरह से काम करेंगे। मैं उनके कार्यकाल में टीम को दिए उनके योगदान के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।





