पाकिस्‍तान बोर्ड का बड़ा फैसला, 2 दिग्‍गजों को दी जाएगी…

कोरोना वायरस के बीच पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड दौरे पर जाने के तैयार है. इसके लिए खिलाड़ियों ने मैदान पर पसीना बहाना भी शुरू कर दिया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई बातचीत में दोनों ही टीमों के बीच तीन टेस्ट मैच और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलने की बात तय हो चुकी है. पाकिस्तान की टीम चार्टर्ड प्लेन से इंग्लैंड जाएगी और इसकी व्यवस्था इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड करेगा.


इस बड़े दौरे के लिए पाकिस्‍तान बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है. पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड ने दिग्‍गज खिलाड़ी युनूस खान को इंग्‍लैंड दौरे के लिए पाकिस्‍तान टीम का बल्‍लेबाजी कोच, जबकि पूर्व लेग स्पिनर मुश्ताक अहम़द को टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया है. मुश्ताक अहम़द (Mushtaq Ahmed) को पाकिस्तान क्रिकेट के लिए मेंटर की भी जिम्‍मेदारी भी सौंपी गई हैं.

पाकिस्‍तान टीम में होंगे 25 सदस्‍य
खबरों के मुताबिक पाकिस्तान की टीम में 25 सदस्य होंगे, जिसमें टेस्ट और टी20 दोनों ही टीमों के खिलाड़ी शामिल होंगे. पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट 5 अगस्त को खेला जाएगा और पाकिस्तानी टीम टेस्ट मैच से 14 दिन पहले इंग्लैंड पहुंचेगी. कहा जा रहा है कि दौरे के सभी मैच साउथैंप्टन और मैनचेस्टर में खेले जाएंगे. दरअसल इन दोनों मैदानों में ही होटल बना हुआ है जिससे खिलाड़ियों के लिए आसानी रहेगी और वो कोरोना वायरस से सुरक्षित भी रहेंगे. खबरों के मुताबिक सभी खिलाड़ी 14 दिनों तक क्वारंटीन रहेंगे और खिलाड़ी आपस में ही वॉर्मअप मैच खेलेंगे. खिलाड़ियों का लगातार परीक्षण होगा और उनसे मिलने की किसी को इजाजत नहीं होगी.

इंग्‍लैंड का दौरा चुनौतीपूर्ण
पाकिस्तान का बल्लेबाजी कोच बनने पर खुशी जाहिर करते हुए यूनुस खान ने कहा कि अपने देश के लिए फिर से काम करने का मौका मिल रहा है यह मेरी लिए खुशी की बात है. खान ने कहा कि उन्हें पता है कि इंग्लैंड का दौरा काफी चुनौतीपूर्ण होने वाला है, मैं इस चुनौती को स्वीकार करता हूं.

पाकिस्‍तान को दिलाया था पहला टी20 वर्ल्‍ड कप
पूर्व कप्‍तान यूनुस खान ने पाकिस्‍तान की तरफ से 118 टेस्‍ट, 265 वनडे और 25 टी20 मैच खेले हैं. टेस्‍ट में उनके नाम 10 हजार 99 रन है, जिसमें 34 शतक और 33 अर्धशतक है. वहीं वनडे में उनके 7 हजार 249 रन है. जिसमें उनके 7 शतक और 48 अर्धशतक है. यूनुस की कप्तानी में पाकिस्तान अपना पहला टी-20 वर्ल्डकप का खिताब जीतने में सफल रहा था.

Back to top button